News Saga Desk
पलामू | नगर निकाय चुनाव से पहले पलामू ज़िला प्रशासन ने गुंडों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए 9 लोगों को जिला बदर कर दिया है। 23 फरवरी को होने वाले मतदान से पूर्व उठाया गया यह कदम चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक की अनुशंसा पर पलामू उपायुक्त द्वारा झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम-2002 की धारा 3(ए) के तहत की गई है। पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए प्रतिवेदन, आपराधिक इतिहास और साक्ष्यों के आधार पर विधि-सम्मत प्रक्रिया अपनाते हुए संबंधित व्यक्तियों को निर्धारित अवधि तक जिले की सीमा से बाहर रहने का आदेश जारी किया गया है।
इन 9 लोगों को किया गया जिला बदर
प्रशासन की इस कार्रवाई के तहत चैनपुर, शाहपुर, पांकी और सतबरवा क्षेत्रों के आसिफ अहमद, अशफाक खान, हसनैन अंसारी, चंदन कुमार चंद्रवंशी और नितेश कुमार शर्मा सहित कुल 9 असामाजिक तत्वों को जिला बदर किया गया है।
सभी को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि वे तय अवधि तक पलामू जिले की सीमा से बाहर रहें और बिना सक्षम अनुमति के प्रवेश न करें। जिला प्रशासन के अनुसार इन व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न थानों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और चुनावी प्रक्रिया में व्यवधान की आशंका थी।
प्रशासन ने सख्त चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संवेदनशील इलाकों में बढ़ी पुलिस निगरानी
इस कार्रवाई के बाद जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं के बीच सुरक्षा का माहौल बनाना और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकना है।
23 फरवरी को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक झारखंड के 48 नगर निकायों में मतदान होना है, जबकि मतगणना 27 फरवरी को की जाएगी। ऐसे में पलामू प्रशासन की यह सक्रियता चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
No Comment! Be the first one.