पटना चैती छठ 2026: ट्रैफिक बंद, अटल पथ और मरीन ड्राइव सहित कई इलाकों में वाहनों की एंट्री पर रोक

News Saga Desk

आज चैती छठ पूजा के दूसरे दिन खरना पूजा होगी। इसके बाद 24 मार्च को शाम और 25 मार्च को सुबह का अर्घ्य दिया जाएगा। छठ व्रतियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पटना नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने 24 और 25 मार्च को शहर में ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव किए हैं। अटल पथ, मरीन ड्राइव और अन्य प्रमुख मार्गों पर वाहन चलाने पर रोक रहेगी।

पटना के किन इलाकों में गाड़ियों पर रोक

जानकारी के अनुसार, यह रोक 24 मार्च दोपहर से 25 मार्च सुबह 8 बजे तक लागू रहेगी। अशोक राजपथ पर करगिल चौक से दीदारगंज तक वाहनों की नो एंट्री रहेगी और अशोक राजपथ के सभी एंट्री प्वाइंट बंद रहेंगे। छठ घाटों पर जाने वाले व्रतियों की गाड़ियों को पटना कॉलेज और साइंस कॉलेज के कैंपस में पार्क किया जाएगा। इस दौरान सामान्य वाहन घाटों तक नहीं जा सकेंगे।

इसके अलावा, 24 मार्च को दोपहर 2 बजे से शाम 5:30 बजे तक और 25 मार्च को सुबह 3 से 6 बजे तक दीघा मोड़ से आशियाना मोड़ की दिशा में वाहनों का संचालन रोका जाएगा। इस दौरान लोगों के पास वैकल्पिक मार्ग का विकल्प होगा। वाहन रामजीचक मोड़ से नहर रोड होते हुए बेली रोड तक जा सकते हैं।

अटल पथ और मरीन ड्राइव पर भी रहेगा प्रतिबंध

पटना के फेमस अटल पथ और मरीन ड्राइव पर 24 मार्च दोपहर 2 बजे से शाम 8 बजे तक और 25 मार्च सुबह 2 से 9 बजे तक नो एंट्री रहेगी। अटल पथ से जेपी सेतु होते सोनपुर की तरफ गाड़ियां नहीं जा सकेंगी। अटल पथ पर दीघा से आर ब्लॉक की तरफ न तो पार्किंग की सुविधा होगी और न ही वाहन गुजर पाएंगे।

कंगन घाट से मरीन ड्राइव के पश्चिम की ओर भी नो एंट्री रहेगी। जेपी सेतु पर भारी वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। जेपी गंगा पथ पर दीघा गोलंबर से गायघाट तक दोनों फ्लैंक में वाहन नहीं चलेंगे। इस दौरान बसों को गांधी मैदान गेट नंबर-10 के अंदर पार्क करने की व्यवस्था की गई है।

प्रशासन की अपील

पटना पुलिस और नगर प्रशासन ने व्रतियों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का पालन करें और पूजा के दौरान धैर्य बनाए रखें, ताकि ट्रैफिक सुचारू रूप से संचालित हो सके।

Read More News

Read More