News Saga Desk
राजधानी पटना में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। पाटलिपुत्र कॉलोनी में 23.66 करोड़ रुपये की लागत से 100 बेड वाले मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल के निर्माण प्रस्ताव को प्रारंभिक मंजूरी मिल गई है। यह परियोजना राज्य निवेश प्रोत्साहन पर्षद की बैठक में स्वीकृत कुल 19 निवेश प्रस्तावों का हिस्सा है।
यह अस्पताल राजधानी के प्रमुख रिहायशी इलाके पाटलिपुत्र कॉलोनी में विकसित किया जाएगा, जहां अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके शुरू होने से स्थानीय लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि इस परियोजना से न सिर्फ चिकित्सा सेवाओं में सुधार होगा, बल्कि स्वास्थ्य क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
राज्य निवेश प्रोत्साहन पर्षद की बैठक में विभिन्न सेक्टरों से जुड़े निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में सबसे अधिक निवेश देखने को मिला है, जहां 86.87 करोड़ रुपये की लागत से नौ यूनिट लगाने का प्रस्ताव है। वहीं, नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में 119.69 करोड़ रुपये के तीन प्रस्तावों को हरी झंडी दी गई है। जनरल मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में भी 14.74 करोड़ रुपये के तीन यूनिट्स को प्रारंभिक स्वीकृति मिली है।
इसके अलावा बैठक में 255.56 करोड़ रुपये के 16 निवेश प्रस्तावों को वित्तीय क्लियरेंस भी प्रदान की गई। इनमें खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र की दस यूनिट्स शामिल हैं, जिनसे करीब 106.88 करोड़ रुपये का निवेश आएगा। जनरल मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की चार यूनिट्स में लगभग 144 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है, जबकि नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र के दो प्रोजेक्ट्स में चार से पांच करोड़ रुपये के निवेश की योजना है।
सरकार का कहना है कि स्वास्थ्य, खाद्य प्रसंस्करण और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में निवेश से आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। पाटलिपुत्र कॉलोनी में बनने वाला यह मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल पटना के हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर को नई मजबूती देगा और आसपास के इलाकों के लिए एक अहम चिकित्सा केंद्र के रूप में उभरेगा।
No Comment! Be the first one.