News Saga Desk
रामगढ़ जिले के पतरातू स्थित प्रसिद्ध पतरातू लेक रिजॉर्ट पर्यटन स्थल को और भव्य व आकर्षक बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने पहल तेज कर दी है। नव नियुक्त पर्यटन सचिव मुकेश कुमार ने हाल ही में क्षेत्र का दौरा कर बुनियादी ढांचे के विस्तार की योजनाओं की घोषणा की। झारखंड सरकार पर्यटन को आर्थिक विकास का प्रमुख आधार बनाने के उद्देश्य से काम कर रही है, जिसके तहत पतरातू लेक रिजॉर्ट को राज्यस्तरीय पर्यटन हब के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
रिजॉर्ट में 100 से अधिक नए कमरे, 25 एकड़ में बनेगा वॉटर पार्क
पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पतरातू लेक रिजॉर्ट में 100 से अधिक नए कमरों के निर्माण की योजना बनाई गई है, जिससे उच्च स्तरीय आवास सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इसके अलावा, रिजॉर्ट के सामने लगभग 25 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक वॉटर पार्क विकसित करने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होगी। पर्यटन सचिव ने कहा कि पतरातू को केवल प्राकृतिक स्थल नहीं, बल्कि एक पूर्ण मनोरंजन और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। बेहतर सुविधाओं से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
परियोजना से स्थानीय व्यापार और युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर
इस परियोजना से छोटे होटल, नाव संचालन, गाइड सेवाएं, परिवहन, स्थानीय हस्तशिल्प और बाजार गतिविधियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। साथ ही रिजॉर्ट परिसर के पार्कों का जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण और आधुनिक सुविधाओं का विस्तार भी प्रस्तावित योजनाओं में शामिल है। अधिकारियों ने दौरे के दौरान डैम टापू का भी निरीक्षण किया। योजनाएं समय पर पूरी होने पर पतरातू रामगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड का प्रमुख पर्यटन ब्रांड बन सकता है, जहां प्राकृतिक सौंदर्य और आधुनिक सुविधाओं का समन्वय देखने को मिलेगा।
दौरे के दौरान कई अधिकारी रहे मौजूद
दौरे के दौरान प्रेम रंजन, राजीव कुमार सिंह सहित कई अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे और प्रस्तावित योजनाओं की रूपरेखा का अवलोकन किया।
No Comment! Be the first one.