“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत लिमाही तालाब परिसर में हुआ पौधरोपण

NEWS SAGA DESK

धमतरी :- पर्यावरण संरक्षण और हरित धमतरी के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा द्वारा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत सोरिद स्थित लिमाही तालाब परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और वार्डवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने पौधे रोपकर उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर नगर निगम सभापति कौशिल्या देवांगन, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला महामंत्री श्याम मंडावी, रामखिलावन कंवर, जिला अध्यक्ष मोहन पुजारी, पूर्व पार्षद दीपक गजेंद्र सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि पौधरोपण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ पर्यावरण देने की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने का प्रेरणादायी प्रयास है। इसके माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति अपनी माता के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले सकता है।

वक्ताओं ने कहा कि पौधरोपण से पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, प्रदूषण कम करने और हरित आवरण बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान मिलता है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया गया। वार्डवासियों ने अभियान की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। कार्यक्रम का समापन स्वच्छ, सुंदर और हरित धमतरी के संकल्प के साथ हुआ।

Read More News

Read More