News Saga Desk
पश्चिम बंगाल के ताहिरपुर में प्रस्तावित रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खराब मौसम के कारण शामिल नहीं हो सके। मौसम की प्रतिकूल स्थिति की वजह से प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर ताहिरपुर में लैंड नहीं कर पाया, जिससे वह रैली स्थल तक नहीं पहुंच सके। हालांकि, पीएम मोदी ने फोन के जरिए रैली को संबोधित किया और वहां मौजूद लोगों से सीधा संवाद किया। अपने संबोधन की शुरुआत में उन्होंने जनता से माफी मांगते हुए कहा कि वह रैली स्थल के बेहद करीब पहुंच गए थे, लेकिन खराब मौसम के कारण आगे जाना संभव नहीं हो पाया।
पीएम मोदी ने बिहार का किया उल्लेख
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि देश तेज़ी से विकास चाहता है और बिहार ने एक बार फिर एनडीए सरकार को भारी बहुमत देकर इस बात को साबित किया है। उन्होंने कहा कि बिहार ने ‘जंगल राज’ को एकजुट होकर नकारा है और 20 साल बाद भी भाजपा-एनडीए को पहले से ज्यादा सीटें दी हैं। पीएम मोदी ने दावा किया कि बिहार की जनता का यह संदेश पश्चिम बंगाल में भी बदलाव का रास्ता खोलेगा और अब राज्य को ‘महा जंगल राज’ से मुक्ति दिलाने का समय आ गया है।
ममता बनर्जी पर कसा तंज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह उन घुसपैठियों को बचाने की कोशिश कर रही हैं जो राज्य पर कब्जा जमाने की मंशा रखते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी घुसपैठियों के समर्थन में पश्चिम बंगाल में SIR का विरोध कर रही है।
बंगाल की जनता से की अपील
पीएम मोदी ने कहा कि टीएमसी और ममता बनर्जी भाजपा का विरोध करना चाहती हैं और उन्हें पूरा विरोध करने दीजिए, लेकिन पश्चिम बंगाल के विकास में रुकावट नहीं डालनी चाहिए। उन्होंने कहा, “आप मोदी का विरोध कर सकते हैं, लेकिन बंगाल के लोगों को उनके अधिकारों से वंचित मत कीजिए और उनके सपनों को मत तोड़िए।”
अंत में प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल की जनता से हाथ जोड़कर अपील की कि वे राज्य के विकास के लिए भाजपा को एक मौका दें।
No Comment! Be the first one.