News Saga Desk
पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार, 18 जुलाई को एक दिवसीय दौरे पर बिहार आ रहे हैं। अपने इस दौरे के दौरान वे राज्य को 7,196 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। यह कार्यक्रम मोतिहारी में आयोजित होगा, जिसमें करीब 4 लाख लोगों के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। पंडाल में करीब डेढ़ लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। प्रधानमंत्री मोदी मंच तक पहुंचने से पहले लगभग 500 मीटर तक ओपन जीप में लोगों का अभिवादन करते हुए गुजरेंगे। इसके लिए पंडाल के बीचों-बीच एक विशेष रास्ता बनाया गया है। उनके साथ इस दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा और राज्यपाल भी मौजूद रहेंगे।
प्रधानमंत्री एक जनसभा को संबोधित करेंगे। यह साल 2025 में प्रधानमंत्री का बिहार का पांचवां दौरा है। इससे पहले वे सीवान, भागलपुर, मधुबनी, पटना और शाहबाद क्षेत्रों में जनसभाएं कर चुके हैं। अपने दौरे से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘X’ पर एक पोस्ट में लिखा, “बिहार की विकास यात्रा में 18 जुलाई का दिन ऐतिहासिक होने वाला है। सुबह लगभग 11:30 बजे मोतिहारी में कनेक्टिविटी, IT और स्टार्टअप्स से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने का सौभाग्य प्राप्त होगा। ये प्रोजेक्ट राज्य के युवाओं और नागरिकों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेंगे।”
7196 करोड़ की परियोजनाओं की होगी शुरुआत
1. सड़क एवं परिवहन राजमार्ग मंत्रालय की 1173 करोड़ की परियोजनाएं
2. इलेक्ट्रॉनिक और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की 63 करोड़ की परियोजनाएं
3. रेलवे की 5398 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन
4. PM आवास योजना के 40 हजार लाभार्थियों को 162 करोड़ ट्रांसफर
5. 12 हजार लाभार्थियों का गृह प्रवेश
6. 61 हजार 500 स्वयं सहायता समूह को 400 करोड़
7. पूर्वी चंपारण के लिए 700 करोड़ रुपए की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन
8. देश के लिए 4 अमृत भारत ट्रेन को हरी झंडी, एक ट्रेन मोतिहारी से दिल्ली के बीच चलेगी
9. समस्तीपुर-बछवाड़ा रेल खंड पर ऑटोमैटिक सिग्नलिंग सुविधा
10. 4,080 करोड़ की दरभंगा-नरकटियागंज रेल लाइन दोहरीकरण परियोजना
अमृत भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे PM मोदी
PM मोदी इस दौरान सिर्फ पूर्वी चंपारण के लिए 700 करोड़ रुपए की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। साथ ही देश के लिए 4 अमृत भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इनमें से एक ट्रेन मोतिहारी से दिल्ली के बीच चलेगी। PM मोदी समस्तीपुर-बछवाड़ा रेल खंड पर ऑटोमैटिक सिग्नलिंग सुविधा राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके अलावा दरभंगा-थलवाड़ा और समस्तीपुर-रामभद्रपुर रेल लाइन का दोहरीकरण, जो 580 करोड़ की दरभंगा-समस्तीपुर दोहरीकरण परियोजना का हिस्सा है। इससे ट्रेनों की लेटलतीफी घटेगी और रफ्तार बढ़ेगी।
No Comment! Be the first one.