NEWS SAGA DESK
रांची। राजधानी रांची में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब धुर्वा डैम के पास पुलिसकर्मियों का वाहन अनियंत्रित होकर सीधे पानी में जा गिरा। इस हादसे में तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। देर रात से शुरू हुए रेस्क्यू अभियान के बाद गोताखोरों और पुलिस टीम ने तीनों के शव तथा उनके सरकारी हथियार बरामद कर लिए।
मृतकों की पहचान प्रिंसिपल जिला जज, जमशेदपुर के दो बॉडीगार्ड उपेंद्र कुमार सिंह, रोबिन कुजूर और सरकारी चालक सतेंद्र सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, तीनों पुलिसकर्मी स्विफ्ट कार से धुर्वा स्थित ज्यूडिशियल एकेडमी से डैम की ओर लौट रहे थे, तभी वाहन अनियंत्रित होकर डैम में जा गिरा।
हटिया डीएसपी प्रमोद कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह घटना वाहन के नियंत्रण खोने के कारण हुई प्रतीत होती है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही धुर्वा और नगड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोग भी तुरंत मदद के लिए जुट गए और गोताखोरों के साथ मिलकर बचाव कार्य में शामिल हुए। लगभग दो से तीन घंटे की कोशिश के बाद कार को पानी से बाहर निकाला गया, जिसके अंदर तीनों के शव और दो सरकारी हथियार मिले।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और धुर्वा डैम से निकाले गए वाहन की तकनीकी जांच भी कराई जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हादसा कैसे हुआ। घटना के बाद शहर में शोक की लहर है।
No Comment! Be the first one.