रांची में मतदान कर्मी रवाना, मोरहाबादी मैदान से वार्डों के लिए भेजी गई टीमें

News Saga Desk

रांची। रांची नगर निगम के महापौर समेत 53 वार्डों के पार्षद पद के लिए 23 फरवरी को मतदान होना सुनिश्चित किया गया है। चुनाव को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को मोरहाबादी मैदान से सुरक्षा कर्मियों और मतदान कर्मियों को आवश्यक चुनावी सामग्रियों के साथ संबंधित वार्डों के लिए रवाना किया गया।

निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं। मतदान कर्मियों को पूर्व में तीन चरणों में प्रशिक्षण दिया गया है, जिसमें मतदान प्रक्रिया, ईवीएम/मतपेटी संचालन, पहचान सत्यापन और आपात स्थिति से निपटने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।

12 प्रकार के पहचान पत्र से दे सकेंगे वोट

प्रशिक्षण के दौरान कर्मियों को यह भी बताया गया कि मतदाता 12 प्रकार के मान्य पहचान पत्रों में से किसी एक के आधार पर अपना मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों से भरे पायलट बॉक्स को सुरक्षित रूप से ट्रांसपोर्ट नगर स्थित निर्धारित केंद्र पर जमा कराने का निर्देश दिया गया है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

मतदाता भयमुक्त वातावरण में मतदान कर सकें, इसके लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रत्येक दल के साथ सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

स्थानीय थानों को भी निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर लगातार गश्त करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करें। प्रशासन का दावा है कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और 23 फरवरी को शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित किया जाएगा।

Read More News

Read More