प्रशांत किशोर ने अमित शाह के बिहार दौरे पर कसा तंज, कहा- उनको बताना चाहिए बिहार का पलायन कब रुकेगा

News Saga Desk

दरभंगा। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने अपने बिहार बदलाव यात्रा के क्रम में सारण के अमनौर विधानसभा में सभा को संबोधित किया। कटसा के बावन बीघा मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करने के बाद उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए गृह मंत्री अमित शाह के बिहार दौरे पर निशाना साधा।

प्रशांत किशोर ने कहा कि यह बिहार के लोगों की ताकत है कि मोदी जी, अमित शाह या राहुल गांधी सभी को जमीन पर आना होगा लेकिन सबको बताना पड़ेगा कि बिहार से पलायन कब रुकेगा, बिहार में फैक्ट्री कब लगेगी? गुजरात में फैक्ट्री लग रही है, यह बोल कर बिहार में वोट नहीं ले सकते हैं।

उन्होंने कहा कि यहां के मढ़ौरा की चीनी मिल तभी शुरू हो सकेगी, जब आप इसके लिए वोट करेंगे। चीनी मिल बंद है और आप वोट देकर मोदी को जिताए जा रहे हैं। उन्होंने भाजपा सांसद संजय जायसवाल पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि संजय जायसवाल जितना फड़फड़ाना चाहते हैं, फड़फड़ा लें। कल पटना में प्रेस कांफ्रेंस कर चौथा किश्त जारी करेंगे, तब सभी लोग धराशायी होकर गिर जायेंगे।

इससे पहले प्रशांत किशोर ने अमनौर की जनसभा में जनता से बड़ा वादा करते हुए कहा कि जन सुराज की व्यवस्था बनी तो दिसंबर 2025 से 60 साल से अधिक उम्र के हर पुरुष और महिला को 2000 रुपये मासिक पेंशन दी जाएगी। साथ ही जब तक सरकारी विद्यालयों में सुधार नहीं हो जाएगा, तब तक आप अपने 15 साल से कम उम्र के बच्चों को निजी स्कूलों में पढ़ाएं और उनकी फीस सरकार भरेगी ताकि गरीब का बच्चा भी अंग्रेजी माध्यम स्कूल में पढ़ सके।

इसके अलावा प्रशांत किशोर ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि इस साल बिहार की बदहाली की आखिरी दिवाली और छठ होगी। छठ के बाद सारण के युवाओं को 10-12 हजार रुपये की मजदूरी करने के लिए अपना घर-परिवार छोड़कर नहीं जाना पड़ेगा। बिहार भर के ऐसे 50 लाख युवाओं को वापस बुलाकर उन्हें यहीं 10-12 हजार रुपये का रोजगार दे दिया जाएगा।


Read More News

रामनवमी से पहले रांची में हाई अलर्ट, डीजीपी की बैठक में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सख्त निर्देश

राजधानी रांची में आगामी रामनवमी पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में...

उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के दौरे से पहले रांची-खूंटी में हाई अलर्ट, 22 पुलिस अधिकारी तैनात

रांची: उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के 28 मार्च को प्रस्तावित रांची और खूंटी दौरे को लेकर झारखंड...

Read More