News Saga Desk
मशहूर गायिका Asha Bhosle अब हमारे बीच नहीं रहीं। 92 साल की उम्र में उन्होंने रविवार को दुनिया को अलविदा कह दिया। करीब सात दशक तक अपनी सुरीली आवाज से सिनेमाई दुनिया को मंत्रमुग्ध करने वाली इस दिग्गज कलाकार के निधन से संगीत जगत में शोक की लहर है।
शनिवार को तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें Breach Candy Hospital में भर्ती कराया गया था, जहां इमरजेंसी मेडिकल सर्विसेज यूनिट में उनका इलाज चल रहा था। दुनियाभर के फैंस उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे थे, लेकिन रविवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके बेटे आनंद भोसले ने निधन की पुष्टि की है।
गायिका की पोती जनाई भोसले ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए बताया था कि अत्यधिक थकावट और सीने में संक्रमण के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस खबर के बाद अस्पताल और उनके आवास के बाहर फैंस की भीड़ उमड़ पड़ी थी, सभी को उनके ठीक होने की उम्मीद थी, जो अंततः टूट गई।
कल होगा अंतिम संस्कार
Asha Bhosle का अंतिम संस्कार सोमवार को किया जाएगा। उनका पार्थिव शरीर सुबह 11 बजे लोअर परेल स्थित उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद शाम 4 बजे Shivaji Park में उनका अंतिम संस्कार होगा। इसी स्थान पर उनकी बहन Lata Mangeshkar का भी अंतिम संस्कार किया गया था।
संगीत का लंबा सफर
8 सितंबर 1933 को जन्मी Asha Bhosle एक संगीत परिवार से ताल्लुक रखती थीं। उनके पिता Deenanath Mangeshkar प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक और अभिनेता थे। महज 9 साल की उम्र में पिता के निधन के बाद उनका परिवार पुणे से कोल्हापुर और फिर मुंबई आ गया। अपनी बड़ी बहन Lata Mangeshkar के नक्शेकदम पर चलते हुए उन्होंने संगीत की दुनिया में कदम रखा।
उन्होंने 1943 में मराठी फिल्म ‘माझा बाल’ में ‘चला चला नाव वाला’ गीत से अपने करियर की शुरुआत की। वहीं हिंदी सिनेमा में उनका पहला गाना 1948 की फिल्म ‘चुनरिया’ का ‘सावन आया’ था। इसके बाद उनका सफर लगातार ऊंचाइयों की ओर बढ़ता गया और वह भारतीय संगीत की सबसे प्रतिष्ठित गायिकाओं में शुमार हो गईं।
No Comment! Be the first one.