सिमडेगा जिले में धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व वाला रामरेखा महोत्सव इस वर्ष 4 से 6 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर उपायुक्त कंचन सिंह ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने और महोत्सव का शुभारंभ करने का आमंत्रण दिया।
मुख्यमंत्री से हुई भेंट के दौरान डीसी कंचन सिंह ने बताया कि रामरेखा धाम न केवल सिमडेगा बल्कि पूरे झारखंड के लिए ऐतिहासिक और धार्मिक आस्था का केंद्र है। हर वर्ष यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक दर्शन एवं पूजन के लिए आते हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि इस आयोजन को राज्यस्तरीय पहचान दिलाई जाए ताकि स्थानीय संस्कृति, हस्तशिल्प और पर्यटन को नई दिशा मिल सके। तीन दिवसीय महोत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी और जनभागीदारी पर आधारित कई आयोजन प्रस्तावित हैं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस पहल की प्रशंसा की और प्रशासन को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन झारखंड की परंपरा और सांस्कृतिक गौरव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का काम करते हैं।
No Comment! Be the first one.