News Saga Desk
हॉकी इंडिया लीग (HIL) 2025–26 के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 28 दिसंबर 2025 से 16 जनवरी 2026 तक मोरहाबादी स्थित मरंग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों की समीक्षा के लिए उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री ने वरीय पुलिस अधीक्षक रांची सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों के साथ स्टेडियम का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री ने हॉकी इंडिया के महासचिव श्री भोलानाथ सिंह, निदेशक हॉकी इंडिया श्री बी.एन. भूषण, सीईओ हॉकी झारखंड श्री रजनीश कुमार एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों के साथ आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने दर्शक दीर्घा, खिलाड़ियों की सुविधाएं, मीडिया व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और लॉजिस्टिक तैयारियों की समीक्षा की।
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी ने कहा कि हॉकी इंडिया लीग का आयोजन रांची और पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही प्रतियोगिता अवधि में सुव्यवस्थित ट्रैफिक प्लान, पार्किंग स्थलों की पहचान और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा खिलाड़ियों, अधिकारियों और अतिथियों के लिए आवास, परिवहन, भोजन और मेडिकल सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करने, दर्शकों के लिए बैठने, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। मीडिया प्रतिनिधियों के लिए मीडिया सेंटर, इंटरनेट कनेक्टिविटी और सुचारु प्रवेश व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और विद्युत व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम, एम्बुलेंस और अग्निशमन व्यवस्था को तैयार रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक रांची श्री राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक नगर श्री पारस राणा, पुलिस अधीक्षक यातायात श्री राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री प्रवीण पुष्कर, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) श्री राजेश्वरनाथ आलोक, अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री उत्कर्ष कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्रीमती उर्वशी पांडेय, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री बादल राज सहित हॉकी इंडिया और जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजंत्री ने सभी अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने और नियमित समीक्षा करने का निर्देश देते हुए कहा कि हॉकी इंडिया लीग 2025–26 के सफल आयोजन के लिए रांची जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
No Comment! Be the first one.