News Saga Desk
रांची : आगामी रामनवमी पर्व को लेकर रांची जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। विधि-व्यवस्था, ट्रैफिक, भीड़ प्रबंधन और मूलभूत सुविधाओं की तैयारियों की लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने वरीय अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया।

इस दौरान सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, सदर एसडीएम कुमार रजत, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर राजेश्वर नाथ आलोक सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। टीम ने जुलूस मार्ग, प्रमुख चौक-चौराहों और मंदिर परिसरों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जुलूस मार्ग को लेकर सख्त निर्देश
उपायुक्त ने रामनवमी जुलूस मार्ग का निरीक्षण करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की आवाजाही पूरी तरह सुगम और सुरक्षित होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि जहां भी अवरोध या जाम की आशंका है, उसे पहले ही दूर किया जाए। जुलूस के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष योजना तैयार करने को कहा गया।

मंदिरों में व्यवस्थाओं की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बांधगाड़ी, रातू रोड (पंडरा क्षेत्र), महावीर चौक, मेडिकल चौक मंदिर, भूतहा तालाब स्थित हनुमान मंदिर, मेन रोड बजरंगबली मंदिर, डोरंडा और तपोवन मंदिर समेत कई प्रमुख स्थलों का दौरा किया। उन्होंने मंदिर समितियों और अखाड़ा सदस्यों से बातचीत कर बिजली, पेयजल, सीसीटीवी, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही आश्वस्त किया कि प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

तपोवन मंदिर में विशेष व्यवस्था
रामनवमी शोभायात्रा के अंतिम पड़ाव तपोवन मंदिर को देखते हुए यहां विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। उपायुक्त ने सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग और प्रभावी भीड़ नियंत्रण व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी के साथ सीसीटीवी के जरिए भी नजर रखी जाएगी। प्रशासन ने हर स्थिति से निपटने के लिए व्यापक योजना तैयार की है।
भाईचारे का संदेश और शांति की अपील
निरीक्षण के दौरान डोरंडा की सेंट्रल मुहर्रम कमिटी के सदस्यों ने प्रशासन का स्वागत किया और त्योहार को आपसी भाईचारे व सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने का भरोसा दिलाया।
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने जिलेवासियों से अपील की कि वे रामनवमी का पर्व शांति, सद्भाव और सहयोग के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह तैयार है, लेकिन त्योहार के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए आम जनता का सहयोग भी आवश्यक है।
No Comment! Be the first one.