रांची: पेट्रोल पंप पर हथियारबंद लूट, बदमाश 50 हजार रुपये लेकर फरार

News Saga Desk

रांची। रांची में एक बार फिर अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आए। विधानसभा थाना क्षेत्र स्थित रिंग रोड पर एक पेट्रोल पंप पर तीन नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने देर रात धावा बोला और बंदूक की नोक पर लगभग 50 हजार रुपये लूट लिए। घटना के दौरान पंप कर्मियों के साथ मारपीट भी की गई। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। घटना के वक्त रांची में तेज बारिश हो रही थी, जिसका फायदा उठाते हुए अपराधियों ने रेनकोट और हेलमेट पहनकर अपनी पहचान छुपाई। शुरुआत में वे आम ग्राहकों की तरह पेट्रोल भरवाने के बहाने पहुंचे, लेकिन थोड़ी ही देर में हथियार निकालकर कर्मियों को कब्जे में ले लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने मारपीट की और कैश काउंटर से पैसे लेकर फरार हो गए।

सूचना मिलने पर विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने पेट्रोल पंप में लगे CCTV फुटेज जब्त कर लिए हैं, जिसमें अपराधियों की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिख रही हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बदमाशों ने जिस बाइक का इस्तेमाल किया, उसकी नंबर प्लेट से छेड़छाड़ की गई थी।

बढ़ रही हैं बाइक सवार अपराधियों की घटनाएं

रांची में हाल के महीनों में बाइक सवार नकाबपोश अपराधियों द्वारा की जा रही आपराधिक घटनाएं जैसे मोबाइल लूट, चेन स्नैचिंग और अब पेट्रोल पंप लूट लगातार बढ़ती जा रही हैं। यह घटना भी इन्हीं मामलों की श्रृंखला का हिस्सा प्रतीत हो रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, लुटेरों के किस गिरोह से संबंध हैं, इसकी जांच जारी है। अपराधियों के भागने की दिशा में लगे अन्य CCTV कैमरों की भी जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


Read More News

Read More