News Saga Desk
भीषण ठंड और शीतलहरी को देखते हुए जिला प्रशासन ने 5 और 6 जनवरी तक सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। इस आदेश के तहत रांची जिले के सभी सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों में केजी से लेकर 12वीं तक की कक्षाएं स्थगित रहेंगी। सरकारी विद्यालयों में पहले से घोषित शीतकालीन अवकाश 5 जनवरी तक था, जिसे एक दिन और बढ़ा दिया गया है। हालांकि, 6 जनवरी को सरकारी स्कूल शिक्षकों के लिए खुले रहेंगे। शिक्षक विद्यालय में उपस्थित होकर ई-विद्या वाहिनी ईवीवी पर उपस्थिति दर्ज करेंगे और गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करेंगे।
प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधन को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि इस अवधि में किसी विद्यालय में परीक्षा निर्धारित है, तो विद्यालय अपने विवेक से परीक्षा का आयोजन कर सकते हैं। वहीं, 10वीं और 12वीं की कक्षाओं का संचालन भी विद्यालय अपनी स्थिति के अनुसार कर सकेंगे।
इधर, मौसम विभाग ने रांची जिले को येलो जोन की श्रेणी में चिह्नित किया है। मौसम केंद्र के अनुसार रविवार को राजधानी रांची के तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। रांची का अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 10 डिग्री सेल्सियस रहा। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान में करीब पांच डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं चाईबासा में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब छह डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया।
उधर, हजारीबाग जिले में भी अत्यधिक ठंड और शीतलहरी को देखते हुए सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी स्कूलों में प्रारंभिक से 12वीं तक की कक्षाएं 5 से 6 जनवरी तक स्थगित कर दी गई हैं। यदि किसी विद्यालय में 10वीं या 12वीं की प्री-बोर्ड परीक्षा पहले से निर्धारित है, तो ऐसी परीक्षाएं पूर्वाह्न 10 बजे के बाद ही आयोजित की जाएंगी। यह निर्देश उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने 4 जनवरी की देर शाम जारी किया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले विद्यालय प्रबंधन दोषी माने जाएंगे। प्रशासन ने ठंड और खराब मौसम को देखते हुए विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोपरि बताया है।
No Comment! Be the first one.