रांची में आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने की तैयारी, 2000 क्षमता का शेल्टर होम और अस्पताल बनेगा

News Saga Desk

रांची: शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को देखते हुए रांची नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। निगम की ओर से 2000 कुत्तों की क्षमता वाला आधुनिक शेल्टर होम और अस्पताल का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए हेहल अंचल के समीप 1.50 एकड़ जमीन चिन्हित की गई है।

निर्माण कार्य में किसी तरह की बाधा न आए, इसके लिए नगर निगम ने जिला प्रशासन को पत्र लिखकर जमीन का सीमांकन कराने का अनुरोध किया है। इस पहल का उद्देश्य सड़कों पर घूम रहे आवारा और बीमार कुत्तों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराना तथा उनके समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद पहल

आवारा कुत्तों के हमलों और बढ़ती घटनाओं को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने सभी नगर निकायों को शेल्टर होम और अस्पताल बनाने का निर्देश दिया था। अदालत ने कहा था कि जो कुत्ते लोगों को काटते हैं या आक्रामक हो जाते हैं, उनके लिए सुरक्षित आश्रय और उपचार की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। इसी निर्देश के आलोक में रांची नगर निगम ने इस परियोजना पर काम शुरू किया है।

वर्तमान सुविधाओं की स्थिति

इससे पहले नगर निगम की ओर से बकरी बाजार में कुत्तों के अस्पताल का संचालन किया जाता था। बाद में भीड़भाड़ और धार्मिक आयोजनों को देखते हुए इसे चुटिया स्थानांतरित कर दिया गया। हालांकि, वहां भी सीमित स्थान में ही अस्पताल संचालित हो रहा है।

वर्तमान अस्पताल की क्षमता मात्र 30 कुत्तों की है। यहां पकड़े गए कुत्तों का टीकाकरण करने के बाद कई बार उन्हें संबंधित वार्डों में छोड़ना पड़ता है। नई परियोजना के शुरू होने से शहर में आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान की दिशा में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Read More News

रांची टिटोस रेस्टोरेंट फायरिंग केस में पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, मुख्य शूटर सचिन यादव गिरफ्तार

राजधानी रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित टिटोस रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग और हत्या के मामले में...

रांची में आज बिजली कटौती: कई इलाकों में 6 घंटे तक सप्लाई बाधित, जानिए टाइमिंग और प्रभावित क्षेत्र

रांची: शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सोमवार को बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी, बता दें की यह कटौती झारखंड...

Read More