News Saga Desk
रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में 10 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस समारोह-2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक समाहरणालय स्थित सभागार में हुई, जिसमें जिले के सभी वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में उपायुक्त ने मोरहाबादी मैदान में प्रस्तावित गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समय-सीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बताया कि समारोह स्थल पर आम लोगों की सुविधा के लिए दोनों ओर वाटरप्रूफ पंडाल, कुर्सियां, दर्शक गैलरी, मंच, साउंड सिस्टम, बैरिकेडिंग और मैदान को समतल करने की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही वीवीआईपी बैठने की व्यवस्था, कार्यक्रम की समय-सारणी, परेड में शामिल कैडेटों के लिए अल्पाहार और पुष्प सज्जा की भी समुचित तैयारी की जाएगी।
बिजली आपूर्ति, जनरेटर, पेयजल, अस्थायी शौचालय और वीआईपी टॉयलेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगर निगम को समारोह स्थल और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई दुरुस्त रखने को कहा गया है।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग को पार्किंग, ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य सेवाओं के तहत मेडिकल कैंप और एंबुलेंस की तैनाती रहेगी, जबकि अग्निशमन विभाग भी पूरी तरह अलर्ट मोड में रहेगा।
उपायुक्त ने बताया कि इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह का मुख्य आकर्षण विभिन्न विभागों की झांकियां होंगी। इन झांकियों के जरिए झारखंड सरकार की योजनाओं, नीतियों के साथ राज्य की कला, संस्कृति, परंपरा और ऐतिहासिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा।
इस वर्ष कुल 12 विभागों की झांकियां शामिल होंगी, जिनमें वन पर्यावरण, ग्रामीण विकास, गृह विभाग, स्कूली शिक्षा, कृषि, सूचना एवं जनसंपर्क, पर्यटन एवं संस्कृति, स्वास्थ्य, खादी ग्रामोद्योग, परिवहन, महिला एवं बाल विकास तथा उच्च तकनीकी शिक्षा विभाग शामिल हैं।
गणतंत्र दिवस समारोह में लगभग 15 प्लाटून और तीन बैंड भाग लेंगे। परेड का अभ्यास 18 जनवरी से 23 जनवरी तक किया जाएगा, जबकि 24 जनवरी को अंतिम रिहर्सल आयोजित होगी।
उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समय पर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया, ताकि गणतंत्र दिवस समारोह सफल, सुरक्षित और भव्य रूप से आयोजित किया जा सके।
No Comment! Be the first one.