रांची सड़क हादसा: ऑटो पर धान से लदा ट्रक पलटा, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

News Saga Desk

रांची। रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र के रांची-मुरी मार्ग पर स्थित चमघटी के पास बुधवार रात हुई भीषण सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। इस दुर्घटना में रांची के मौलाना आजाद कालोनी, कांटाटोली में रहने वाले टेंपो चालक 30 वर्षीय गयासुद्दीन, उनकी पत्नी, पुत्र और मां की जान चली गई। यह परिवार मूल रूप से पुरुलिया के झालदा का रहनेवाला था। घटना के वक्त गयासुद्दीन अपने परिवार के सदस्यों के साथ ऑटो से झालदा से ही आ रहा था। बुधवार शाम अनगड़ा के चमघटी के पास एक धान लदा ट्रक ऑटो को धक्का मारते हुए ऑटो के ऊपर पलट गया।

इससे ऑटो के सभी यात्री ट्रक के नीचे दब गए और मौके पर ही ऑटो चालक समेत सभी चारों सवारियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। इस दुर्घटना में ऑटो पूरी तरह से पिचक गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे अनगड़ा थाना प्रभारी हीरालाल साह, राजाडेरा के पूर्व मुखिया मोतीराम मुंडा, समाजसेवी उमेश महतो आदि ने घायल को इलाज के लिए सीएचसी अनगड़ा भेजा। गंभीर स्थिति देखते हुए डॉक्टरों ने यहां से बेहतर इलाज के लिए रिम्स भेज दिया।

बताया जाता है कि गयासुद्दीन मौलाना आजाद कालोनी के जाने-माने परिवार से थे। उनका झालदा व रांची दोनों जगहों पर मकान है। दोनों जगहों पर परिवार के लोगों का समय-समय पर आना-जाना लगा रहता है। गयासुद्दीन के परिवार में अब उसका एक बेटा और दो बेटियां बची हैं। परिवार का मुखिया और कमाने वाला गयासुद्दीन ही था। परिवार में एक भाई भी है।


Read More News

Read More