News Saga Desk
राजधानी रांची में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ट्रैफिक पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया। ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह और ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत कुल 596 प्रेशर हॉर्न और अवैध व तेज आवाज वाले मोडिफाइड साइलेंसर को रोड रोलर से कुचलकर नष्ट किया गया।
ट्रैफिक पुलिस द्वारा बीते कुछ दिनों से शहर के विभिन्न इलाकों में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए वाहनों से इन प्रेशर हॉर्न और मोडिफाइड साइलेंसर को जब्त किया गया था। जब्त किए गए उपकरणों को शनिवार को सार्वजनिक रूप से नष्ट किया गया, ताकि आम लोगों के बीच सख्त और स्पष्ट संदेश दिया जा सके। यह कार्रवाई रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर की गई।
ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने मीडिया को बताया कि हाल के दिनों में कई बुजुर्गों और आम नागरिकों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि विशेषकर अस्पतालों के आसपास और रात के समय कुछ बाइक सवार तेज आवाज वाले मोडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे मरीजों, बुजुर्गों और स्थानीय निवासियों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
पुलिस के अनुसार, तेज आवाज वाले साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न न केवल मोटर वाहन नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि इससे ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है और सड़क पर चल रहे अन्य लोगों का ध्यान भटकता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है।
ट्रैफिक एसपी ने स्पष्ट किया कि इस तरह का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ चालान के साथ-साथ उनके वाहनों से अवैध साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न जब्त किए जाएंगे। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे निर्धारित मानकों के अनुरूप ही हॉर्न और साइलेंसर का इस्तेमाल करें और शहर में शांति व सड़क सुरक्षा बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
No Comment! Be the first one.