रांची के नवोदय विद्यालय में आधुनिक आर्चरी एरेना की सौगात, DC ने किया उद्घाटन

News Saga Desk

पीएम जवाहर नवोदय विद्यालय, मेसरा में आधुनिक आर्चरी एरेना का शुभारंभ उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने किया। आईसीआईसीआई फाउंडेशन के सहयोग से स्थापित यह सुविधा विद्यार्थियों में खेल भावना विकसित करने और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री और विशिष्ट अतिथि सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत सहित अन्य अतिथियों के स्वागत से हुई। अतिथियों का पारंपरिक रूप से बुके और शॉल देकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर छात्राओं ने स्वागत गीत, आकर्षक बैंड प्रदर्शन और पारंपरिक नागपुरी लोक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।

विद्यालय के प्राचार्य एनोस केरकेटा ने अपने स्वागत संबोधन में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। आईसीआईसीआई फाउंडेशन के जोनल हेड प्रणव कुमार ने संस्था द्वारा विद्यालयों में खेलों को बढ़ावा देने के प्रयासों की जानकारी दी और विद्यार्थियों को खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। वहीं, एसडीओ कुमार रजत ने तीरंदाजी के माध्यम से एकाग्रता, अनुशासन और मानसिक मजबूती के विकास पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा विद्यालय पत्रिका ‘नव स्वर’ का विमोचन किया गया, जो विद्यार्थियों की सृजनात्मक प्रतिभा का मंच है। साथ ही शिक्षा मंत्रालय के ‘फुटबॉल फॉर स्कूल’ कार्यक्रम के तहत रांची जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों को फुटबॉल भी वितरित किए गए।

अपने संबोधन में उपायुक्त ने कहा कि आर्चरी एरेना केवल खेल सुविधा नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के लिए अनुशासन, धैर्य, एकाग्रता और आत्मसंयम सीखने का माध्यम है। उन्होंने आईसीआईसीआई फाउंडेशन के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों के बच्चों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम के अंत में आर्चरी सूट पहनकर और फीफा फुटबॉल किक-ऑफ के साथ इसका औपचारिक समापन किया गया। आयोजन विद्यार्थियों में खेल संस्कृति को मजबूत करने और उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक स्तर के लिए तैयार करने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।

महाशिवरात्रि पर पहाड़ी मंदिर में उमड़ेगी आस्था, सुरक्षा और ट्रैफिक के व्यापक इंतजाम

रांची: महाशिवरात्रि के अवसर पर राजधानी रांची के ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं के...

February 14, 2026

Read More News

Read More