News saga Desk
साउथ सिनेमा की चर्चित जोड़ी रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा अब आधिकारिक तौर पर शादी के बंधन में बंध चुके हैं। नवविवाहित जोड़े ने अपनी शादी की खूबसूरत तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं, जिन्हें देखकर उनके प्रशंसक भावुक हो उठे। दोनों ने 26 फरवरी को उदयपुर में पारंपरिक तेलुगु-आंध्र रीति-रिवाजों के साथ विवाह किया और उसी दिन बाद में कोडवा (कूर्ग) परंपरा के अनुसार भी शादी की रस्में निभाईं।
“अब आपको मेरे पति से मिलवाती हूं…” – रश्मिका
रश्मिका मंदाना ने शादी की तस्वीरें साझा करते हुए अपने पति विजय देवरकोंडा का परिचय कराया। उन्होंने लिखा, “हाय मेरे चाहने वालों, अब आपको ‘मेरे पति’ से मिलवाती हूं – मिस्टर विजय देवरकोंडा। वह शख्स जिसने मुझे सच्चे प्यार का मतलब समझाया, जिसने मुझे शांति में जीना सिखाया और हर दिन बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित किया।”
उन्होंने आगे लिखा कि विजय ने उन्हें हमेशा खुद पर भरोसा रखना सिखाया और हर परिस्थिति में उनका साथ दिया। खुद को विजय की पत्नी बताते हुए रश्मिका ने कहा कि वह इस नए सफर को लेकर बेहद उत्साहित हैं और उनके साथ जिंदगी बिताने को तैयार हैं।
“मैंने अपनी सबसे अच्छी दोस्त को पत्नी बना लिया” – विजय
विजय देवरकोंडा ने भी अपने पोस्ट में भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा, “एक दिन मुझे उसकी बहुत याद आई। लगा कि अगर वह पास होती तो हर चीज बेहतर होती। तभी मैंने अपनी सबसे अच्छी दोस्त को अपनी पत्नी बना लिया। 26.02.2026।”
विजय ने रश्मिका के साथ बिताए पलों को ‘घर जैसा सुकून’ बताया।
शादी के भावुक पल कैमरे में कैद
शादी की तस्वीरों में दोनों पारंपरिक परिधानों में नजर आ रहे हैं। एक तस्वीर में रश्मिका विजय का चेहरा थामे मुस्कुराती दिखीं, जबकि दूसरी तस्वीर में दोनों एक रस्म के दौरान हंसते हुए दिखाई दे रहे हैं। एक ब्लैक-एंड-व्हाइट तस्वीर में रश्मिका मंडप में विजय को गले लगाते हुए भावुक नजर आईं।
मंगलसूत्र पहनाते समय रश्मिका की आंखें नम हो गईं, वहीं कई तस्वीरों में खुशी के आंसू साफ देखे जा सकते हैं।
पारंपरिक अंदाज में नजर आया कपल
शादी की तस्वीरों में रश्मिका ऑरेंज और गोल्डन सिल्क साड़ी में नजर आईं, जिसे उन्होंने पारंपरिक टेम्पल ज्वेलरी के साथ पूरा किया। वहीं विजय सफेद वेष्टि और लाल सिल्क शॉल में शाही अंदाज में दिखे।
दोनों का वेडिंग लुक सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस उन्हें नई जिंदगी की शुभकामनाएं दे रहे हैं।
No Comment! Be the first one.