News Saga Desk
रांची। परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित कीताडीह के ग्वालापट्टी में बीते 5 अगस्त को अपराधियों ने रेकी कर रवि यादव पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस मामले में तीन अपराधियों को गिरफ्तार करते हुए जमशेदपुर की पुलिस ने सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इनमें कीताडीह राजू बगान के संजय वर्मा उर्फ संजू वर्मा, विवेक शाह और बागबेड़ा के रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी निवासी समीर कुमार सिंह उर्फ पांडु शामिल है।
वहीं, गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने एक बाइक और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। जिसका इस्तेमाल घटना की रेकी और आपस में संपर्क बनाने के लिए अपराधियों द्वारा किया गया था। दूसरी ओर फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी भी कर रही है।
इस संबंध में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान मीडिया को जानकारी देते हुए जमशेदपुर के सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि घटना के दिन शाम के वक्त रवि यादव अपनी बाइक से घर लौट रहा था, तभी कीताडीह ग्वालापट्टी नाले के पास स्कूटी पर सवार युवकों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दी। फायरिंग में घायल रवि यादव को अस्पताल ले जाया गया। वहीं, मामले में परसुडीह थाना में केस दर्ज करते हुए अभियुक्तों की तलाश में छापेमारी की गयी।
पुलिस जांच में सामने आया कि रवि यादव और निहाल तिवारी के बीच कुछ माह पूर्व मारपीट हुई थी। इसके बाद दोनों में समझौता भी हुआ। लेकिन, निहाल ने रंजिश पालते हुए रवि को जान से मारने की योजना बनायी और अपने साथियों के साथ हमले को अंजाम दिया। घटना के दिन निहाल तिवारी और उसका साथी समीर कुमार सिंह उर्फ पांडु स्कूटी संख्या (JHO5CE-5462) से इलाके से गुजर रहे थे, रवि यादव ने उन्हें देखकर गाड़़ी रोक ली और झगड़ा शुरू हुआ। इसी दौरान निहाल ने बैग से पिस्टल और कट्टा निकालकर फायरिंग की और स्कूटी से फरार हो गया।
फिलहाल घटना का मुख्य आरोपी निहाल तिवारी फरार है। पुलिस उसकी धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। एसपी ने बताया कि जल्द ही मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करते हुए जेल भेजा जायेगा। आगे बताया कि घायल रवि यादव की स्थिति अभी स्थिर है। फिलहाल वो खतरे से बाहर है।
No Comment! Be the first one.