चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ में 11 लोगों की मौत पर आरसीबी ने जताया शोक

News Saga Desk

बेंगलुरु। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 का खिताब जीतने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) टीम के स्वागत समारोह से पहले बड़ा हादसा हो गया। बुधवार को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भारी भीड़ के चलते मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 33 लोग घायल हो गए।

घटना के बाद आरसीबी फ्रेंचाइज़ी ने एक बयान जारी कर दुख जताया। बयान में कहा गया, “आरसीबी इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करती है और प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करती है। मीडिया रिपोर्ट्स के माध्यम से जो दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं सामने आई हैं, उनसे हम अत्यंत व्यथित हैं। हम सभी की सुरक्षा और भलाई को सर्वोपरि मानते हैं।”

टीम के स्वागत के लिए जुटी थी हजारों की भीड़

आरसीबी के पहले आईपीएल खिताब के जश्न के तहत एक ओपन बस परेड और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया था। इसी को लेकर स्टेडियम के बाहर हजारों प्रशंसक एकत्र हुए थे। लेकिन भीड़ पर काबू न पाने के कारण भगदड़ मच गई।

मुख्यमंत्री ने की मुआवजे की घोषणा

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि भगदड़ में 11 लोगों की जान गई है और 33 लोग घायल हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवज़ा देने की घोषणा की है।

कार्यक्रम में किए गए बदलाव

आरसीबी फ्रेंचाइज़ी ने बताया कि जैसे ही उन्हें इस हादसे की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत कार्यक्रम को छोटा कर दिया और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन किया। बयान में आगे कहा गया, “स्थिति की जानकारी मिलते ही हमने कार्यक्रम में तत्काल बदलाव किए और प्रशासन के मार्गदर्शन का पूरी तरह पालन किया।”


सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला: एससी-एसटी एक्ट में धर्म परिवर्तन पर स्पष्ट निर्देश

नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने एससी-एसटी एक्ट से जुड़े एक महत्वपूर्ण मामले में बड़ा फैसला सुनाया है।...

March 24, 2026

Read More News

Read More