मशहूर ओडिया गायक हुमन सागर का निधन, 34 वर्ष की उम्र में एम्स भुवनेश्वर में ली अंतिम सांस

NEWS SAGA DESK

भुवनेश्वर। लोकप्रिय ओडिया गायक हुमन सागर का 34 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे और एम्स भुवनेश्वर में उनका इलाज चल रहा था। अस्पताल ने आधिकारिक रिपोर्ट जारी कर उनके निधन की पुष्टि की है। हुमन सागर के निधन से संगीत जगत में शोक की लहर है, जबकि राज्यपाल, मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री सहित कई नेताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

हुमन सागर को कई बीमारियों के चलते तीन दिन पहले गंभीर हालत में एम्स भुवनेश्वर के आपातकालीन विभाग में भर्ती कराया गया था। बाद में उन्हें मेडिकल आईसीयू में शिफ्ट किया गया, जहां डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनके उपचार में लगी थी। एम्स के डॉ. श्रीकांत बेहरा के अनुसार, सागर लिवर और किडनी से संबंधित गंभीर समस्याओं से जूझ रहे थे और उनके कई अंग काम करना बंद कर चुके थे। तमाम प्रयासों के बावजूद उन्होंने रात 9 बजकर 8 मिनट पर अंतिम सांस ली।

हुमन सागर ने अपने संगीत करियर की शुरुआत 2012 में हिट गीत इश्क तू ही तू से की थी। इसके बाद उन्होंने अनेक फिल्मों और एल्बमों के लिए सैकड़ों गाने गाए। हिंदी एल्बम मेरा ये जहां ने भी उन्हें खास पहचान दिलाई। उनकी आवाज़ हर उम्र और वर्ग के श्रोताओं में लोकप्रिय रही। उनके कई लोकप्रिय गीत—सत थिल ना सारता, दुख मो भाग्य काखा, निश्व तो बिना मोर चलेना, हाय मो दिल-आज भी लोगों की यादों में बसे हुए हैं। फिल्म *कर्मा* के वायरल गाने जोश में भी हुमन सागर की आवाज़ ने खूब वाहवाही बटोरी। राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कंभमपति, मुख्यमंत्री मोहन माझी, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और विपक्षी नेता नवीन पटनायक ने सोशल मीडिया पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि हुमन सागर का निधन ओडिया संगीत जगत की अपूरणीय क्षति है। नेताओं ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

Read More News

रामनवमी से पहले रांची में हाई अलर्ट, डीजीपी की बैठक में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सख्त निर्देश

राजधानी रांची में आगामी रामनवमी पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में...

उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के दौरे से पहले रांची-खूंटी में हाई अलर्ट, 22 पुलिस अधिकारी तैनात

रांची: उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के 28 मार्च को प्रस्तावित रांची और खूंटी दौरे को लेकर झारखंड...

Read More