News Saga Desk
रांची : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने नए साल को लेकर पार्टी के संकल्प मीडिया के सामने रखे। रांची में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 में पार्टी का मुख्य लक्ष्य संगठन को और अधिक मजबूत करना है, ताकि जनता से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाया जा सके।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा जनता की समस्याओं को सदन से लेकर सड़क तक पूरी मजबूती के साथ उठाएगी। उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि नगर निगम और अन्य निकायों के चुनाव अविलंब कराए जाने चाहिए। उनके अनुसार, निकाय चुनाव दलीय आधार पर होने चाहिए, क्योंकि जब चुनाव दलीय आधार पर नहीं होते हैं तो धनबल और बाहुबल हावी होने का खतरा बढ़ जाता है।
प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि झारखंड उच्च न्यायालय के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद राज्य सरकार नगर निकाय चुनाव कराने में टालमटोल कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा प्रतीत होता है कि राज्य सरकार सभी शक्तियों को अपने पास केंद्रित रखना चाहती है।
उन्होंने आगे कहा कि निकाय चुनाव नहीं होने के कारण केंद्र सरकार की ओर से शहरी विकास के लिए मिलने वाली सहायता राशि का भी समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है, जिसका सीधा नुकसान आम जनता को उठाना पड़ रहा है।
No Comment! Be the first one.