होली से पहले बिहार लौटना महंगा: फ्लाइट किराए में भारी उछाल, ट्रेनों में लंबी वेटिंग

News Saga Desk

होली पर्व को लेकर बिहार आने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बढ़ती भीड़ के बीच फ्लाइट टिकट के दाम आसमान छू रहे हैं, जबकि कई नियमित ट्रेनों में सीटें पहले ही फुल हो चुकी हैं। कंफर्म टिकट नहीं मिलने की स्थिति में मजबूर यात्री महंगे हवाई टिकट खरीदने को विवश हैं। मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु और हैदराबाद से पटना का किराया सामान्य दिनों की तुलना में दोगुने से भी अधिक हो गया है।

कितना बढ़ा फ्लाइट किराया

मिली जानकारी के अनुसार, बेंगलुरु से पटना का किराया लगभग 15,600 रुपये, मुंबई से 16,000 रुपये, हैदराबाद से 12,000 रुपये और दिल्ली से पटना के लिए करीब 13,000 रुपये तक पहुंच गया है। आम दिनों में इन शहरों से पटना का हवाई किराया लगभग आधा रहता है, लेकिन त्योहार के कारण बढ़ी मांग के चलते यात्रियों को महंगे टिकट खरीदने पड़ रहे हैं।

आने वाले दिनों में और बढ़ सकते हैं दाम

विशेषज्ञों का मानना है कि जैसे-जैसे होली नजदीक आएगी, फ्लाइट किराए में और वृद्धि हो सकती है। ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं मिलने और लंबी वेटिंग लिस्ट के कारण बड़ी संख्या में यात्री हवाई यात्रा का विकल्प चुन रहे हैं। हालांकि स्पेशल ट्रेनों की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन भारी भीड़ के कारण यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

स्पेशल बस सेवा से राहत की उम्मीद

यात्रियों की सुविधा के लिए 23 फरवरी से होली स्पेशल बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है। सरकार ने कुल 200 विशेष बसें चलाने की घोषणा की है, जिनमें एसी और डीलक्स बसें शामिल हैं। पहले चरण में 50 बसों का परिचालन शुरू किया गया है। ये बसें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों से चलाई जाएंगी। ऑनलाइन टिकट बुकिंग पहले ही शुरू हो चुकी है। खास बात यह है कि बस किराए पर 500 से 700 रुपये तक की सब्सिडी भी दी जा रही है, जिससे यात्रियों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

Read More News

Read More