रांची में नव-नियुक्त अधिकारियों साथ समीक्षा बैठक, जिम्मेदारियों पर दिया गया विस्तृत मार्गदर्शन

News Saga Desk

रांची: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर सोमवार को समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सौरभ भुवनिया की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में हाल ही में प्रतिनियुक्त एवं नव-नियुक्त प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (BSO) और प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों के साथ उनके कार्यक्षेत्र, जिम्मेदारियों और अपेक्षित प्रदर्शन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक का उद्देश्य नव-नियुक्त अधिकारियों को उनकी भूमिका से संबंधित प्रशासनिक दायित्वों, जनसेवा के मानकों और कार्यप्रणाली के बारे में स्पष्ट दिशा-निर्देश देना था। डीडीसी ने सभी अधिकारियों से व्यक्तिगत परिचय प्राप्त करने के बाद उन्हें विभिन्न बिंदुओं पर आवश्यक मार्गदर्शन दिया।

पारदर्शिता और जनसेवा पर विशेष जोर

उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समयबद्धता के साथ करें। आम जनता की शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के साथ-साथ सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS), राशन वितरण और खाद्यान्न आपूर्ति में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने को कहा गया।

इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं जैसे पेंशन, छात्रवृत्ति, विधवा, दिव्यांग और वृद्धावस्था पेंशन, आयुष्मान भारत तथा अन्य योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समय पर और बिना बाधा के पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

डिजिटल निगरानी और नियमित निरीक्षण के निर्देश

अधिकारियों को प्रखंड स्तर पर नियमित निरीक्षण, स्टॉक सत्यापन, e-PoS मशीनों के प्रभावी संचालन और आधार सीडिंग की स्थिति की समीक्षा करने को कहा गया। साथ ही DBT, आधार आधारित सत्यापन, PFMS सहित अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म का अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

भ्रष्टाचार, अनियमितता या किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत कराने तथा अनुमंडल पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी और जिला कल्याण पदाधिकारी के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

जिम्मेदारी सीधे जनता के विश्वास से जुड़ी

बैठक के दौरान डीडीसी ने कहा कि अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी केवल एक प्रशासनिक पद नहीं, बल्कि लाखों नागरिकों के जीवन से सीधे जुड़ी है। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि वे पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ कार्य करें, ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को उसका अधिकार समय पर मिल सके।

रांची को मॉडल जिला बनाने का लक्ष्य

उप विकास आयुक्त ने सभी नव-नियुक्त अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे अपने-अपने प्रखंडों में आपूर्ति व्यवस्था और कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से रांची जिले को एक मॉडल जिला बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

बैठक में आईटीडीए रांची के परियोजना निदेशक संजय भगत, विशिष्ट अनुमंडल पदाधिकारी श्रीमती मोनी कुमारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी रामगोपाल पांडेय, जिला कल्याण पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Read More News

रांची में आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने की तैयारी, 2000 क्षमता का शेल्टर होम और अस्पताल बनेगा

रांची: शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को देखते हुए रांची नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। निगम...

Read More