News Saga Desk
रांची रोटरी क्लब के तत्वावधान में 19 से 21 दिसंबर तक तीन दिवसीय रोटरी डिस्ट्रिक्ट सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन रांची क्लब परिसर में होगा, जिसमें झारखंड और बिहार के 125 रोटरी क्लबों से 1500 से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे।
असिस्टेंट गवर्नर (रोटरी इमेज) प्रवीण राजगढ़िया ने बताया कि इस भव्य आयोजन की तैयारियां पिछले एक वर्ष से चल रही हैं और रांची के सभी रोटेरियन इसे सफल बनाने में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। सम्मेलन के मुख्य अतिथि पास्ट रोटरी इंटरनेशनल प्रेसिडेंट शेखर मेहता होंगे।
सम्मेलन में विशिष्ट अतिथियों के रूप में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह रांची के सांसद संजय सेठ, महाराष्ट्र सरकार के कैबिनेट मंत्री जय कुमार रावल, सीसीएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक निलेन्दु कुमार सिंह और रोटरी इंटरनेशनल प्रेसिडेंट रिप्रजेंटेटिव रवि रमन शामिल होंगे।
इसके अलावा पास्ट रोटरी इंटरनेशनल डायरेक्टर कमल सांघवी, फाउंडेशन चेयरमैन महेश कोडबागी, मध्यप्रदेश के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी रोहित सिंह, प्रसिद्ध अभिनेत्री सुधा चंद्रन, साइबर एक्सपर्ट महिमा भालोटिया सहित कई पूर्व गवर्नर सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
रोटरी रांची के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने बताया कि सम्मेलन के दौरान रोटरी क्लब की सामाजिक गतिविधियों, नई परियोजनाओं, संगठन की मजबूती और भविष्य की योजनाओं पर मंथन किया जाएगा। शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सेवा से जुड़े विषयों पर विशेष सत्र भी आयोजित होंगे।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में ज्ञान, सेवा और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। इस अवसर पर मुंबई का प्रसिद्ध रोज मैरी ग्रुप म्यूजिकल बैंड, आदिशक्ति म्यूजिकल ग्रुप, आईएफआरएम ग्रुप और छऊ नृत्य कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। आयोजन से समाज सेवा से जुड़े कार्यों को नई दिशा और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
No Comment! Be the first one.