आरएसएस शताब्दी वर्ष, रांची में संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे मोहन भागवत

News Saga Desk

रांची: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत शनिवार को रांची में आयोजित एक विशेष संवाद कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। आरएसएस के शताब्दी वर्ष के अवसर पर देशभर में आयोजित संवाद कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत वह झारखंड दौरे पर हैं। रांची के कांकेवल बैंक्वेट हॉल में होने वाला यह कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे से प्रारंभ होगा।

इस अवसर पर झारखंड के जनजातीय समाज के प्रमुख प्रतिनिधियों के साथ-साथ शिक्षा, समाजसेवा, व्यापार, बुद्धिजीवी वर्ग और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।

आरएसएस के कार्यों और उद्देश्यों पर रखेंगे विचार

संवाद कार्यक्रम के दौरान मोहन भागवत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा किए जा रहे सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रनिर्माण से जुड़े कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डालेंगे। वह बताएंगे कि संघ किस प्रकार समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ते हुए राष्ट्रहित में कार्य कर रहा है। साथ ही, पिछले 100 वर्षों में आरएसएस के योगदान और उसकी भूमिका पर भी विशेष चर्चा करेंगे।

शताब्दी यात्रा और सामाजिक परिवर्तन पर रहेगा फोकस

आरएसएस के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में संघ की ऐतिहासिक यात्रा, उसके मूल विचार और सामाजिक परिवर्तन में उसकी भूमिका को प्रमुखता से रखा जाएगा। मोहन भागवत संघ के स्वयंसेवकों की भूमिका, सेवा कार्यों, आपदा राहत, शिक्षा और सामाजिक समरसता से जुड़े प्रयासों को भी रेखांकित करेंगे।

प्रश्नोत्तर सत्र में होगी सीधी बातचीत

कार्यक्रम के दौरान एक विशेष प्रश्नोत्तर सत्र का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें उपस्थित प्रतिभागी मोहन भागवत से सीधे सवाल पूछ सकेंगे। यह सत्र विशेष रूप से युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा।

वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

इस संवाद कार्यक्रम में क्षेत्रीय प्रचारक रामनवमी जी, प्रांत प्रचारक गोपाल जी सहित संघ के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। आयोजन को लेकर रांची में सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

Read More News

अमेरिका दौरे पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर, व्यापार समझौते के बाद उच्चस्तरीय बैठकों से भारत-अमेरिका रिश्तों को मिली नई गति

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने मंगलवार को अपने तीन दिवसीय अमेरिका दौरे की शुरुआत की। वॉशिंगटन...

Read More