बिहार विधानसभा में जमकर हंगामा, CM नीतीश कुमार और राजद विधायकों में तीखी नोकझोंक

News Saga Desk

पटना: बिहार विधानसभा में मंगलवार यानी आज सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच जोरदार हंगामा देखने को मिला। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने चौकीदारों पर हुए कथित लाठीचार्ज का मुद्दा उठाया, जिसके बाद सदन का माहौल गरमा गया और मुख्यमंत्री समेत कई नेता आमने-सामने आ गए।

चौकीदार लाठीचार्ज पर विपक्ष का हमला

सदन की शुरुआत में ही राजद विधायक कुमार सर्वजीत ने कहा कि चौकीदारों को बर्बरतापूर्वक पीटा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी सरकार नहीं चल सकती। उनके बयान के बाद विपक्षी विधायकों ने शोर-शराबा शुरू कर दिया और सदन में हंगामा बढ़ गया।

मंत्री विजय चौधरी ने दिया जवाब

विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि सरकार प्रदर्शन के खिलाफ नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर सरकार रोकना चाहे तो प्रदर्शन ही नहीं होने देता। मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार मांगों पर विचार करेगी और स्थिति को गंभीरता से ले रही है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का तीखा बयान

हंगामे के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी संबोधन दिया। उन्होंने राजद विधायक भाई वीरेंद्र की ओर इशारा करते हुए कहा, “हमलोग 2002 हैं, आपलोग कितने हैं? बेकार का हो-हल्ला मत कीजिए। आप लोगों ने कभी कोई काम नहीं किया।” बाद में पता चला कि मुख्यमंत्री ने सीटों की संख्या के बारे में गलती से गलत आंकड़ा बोल दिया।

वेल में पहुंचे राजद विधायक, मार्शल बुलाया गया

मुख्यमंत्री के बयान के बाद विपक्षी विधायकों ने वेल में पहुंचकर “नीतीश होश में आओ” के नारे लगाना शुरू कर दिए। स्थिति बिगड़ते देख सदन में मार्शल को बुलाया गया और विधायकों की तख्तियां हटाई गईं। स्पीकर के बार-बार अनुरोध के बाद विपक्ष अपनी सीटों पर लौट आया।

अमित शाह के दौरे पर सियासत

सदन के बाहर भी विपक्ष प्रदर्शन करता रहा। पोर्टिको में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी हुई। बुधवार को बिहार दौरे पर आ रहे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को लेकर राजद नेता भाई वीरेंद्र ने तीखी टिप्पणी की। उनका आरोप था कि चुनाव के समय केंद्रीय नेतृत्व सक्रिय हो जाता है और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करता है।

हिना शहाब के सवाल पर नाराजगी

इसी दौरान जब पत्रकारों ने हिना शहाब को लेकर सवाल पूछा तो भाई वीरेंद्र नाराज नजर आए और माइक हटाते दिखे। पहले वे हिना शहाब को राज्यसभा भेजने की वकालत कर चुके हैं, लेकिन इस बार सवाल पर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।

Read More News

Read More