News Saga Desk
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन गुरुवार को भारत पहुंच चुके हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी महत्वपूर्ण बैठकों का दौर जारी है। इसी बीच रूस में भारतीय मूल के नेता और विधायक अभय सिंह ने भारत से खास अपील की है। उनका कहना है कि भारत को रूस से अत्याधुनिक एस-500 एयर डिफेंस सिस्टम हासिल करने की कोशिश करनी चाहिए।
“एस-500 भारत को नई सैन्य क्षमता देगा”
मीडिया से बातचीत में अभय सिंह ने कहा कि भारत पहले ही रूस के एस-400 मिसाइल सिस्टम का उपयोग कर रहा है और यह ऑपरेशन सिंदूर के दौरान काफी प्रभावी साबित हुआ। उन्होंने कहा:
“एस-400 बेहतरीन है, लेकिन एस-500 उससे कई स्तर आगे है। यह रूस की लेटेस्ट मिलिट्री टेक्नोलॉजी है और अभी तक किसी भी देश को नहीं दी गई है। अगर यह भारत को मिलता है, तो भारत दुनिया का पहला देश होगा जिसके पास यह सिस्टम होगा — चीन के पास भी नहीं।”
अभय सिंह के अनुसार, एस-500 भारत की रक्षा क्षमता को नई ऊंचाई देगा और इससे दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी और मजबूत होगी।
पुतिन दौरा, संबंधों में नई ऊर्जा
अभय सिंह रूस में पुतिन की पार्टी के नेता हैं और यूक्रेन से सटे कुर्स्क क्षेत्र के प्रतिनिधि हैं। उनके मुताबिक, पुतिन का यह दौरा चार साल बाद हो रहा है और यह भारत-रूस संबंधों को नई दिशा देने वाला साबित हो सकता है।
कौन हैं अभय सिंह?
अभय सिंह का भारत से गहरा संबंध है। वह 1991 में पटना से सोवियत संघ पढ़ाई के लिए गए थे और कुर्स्क स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी से एमबीबीएस किया। कुछ समय पटना में प्रैक्टिस की, लेकिन परिस्थितियों के चलते वह वापस रूस लौट गए और फार्मा व रियल एस्टेट बिजनेस शुरू किया।
बाद में राजनीति में आए और 2017 तथा 2022 में चुनाव जीतकर डेप्युटेट बने, जो भारत में विधायक के बराबर का पद है। अभय सिंह खुद को गर्व से “बिहार का बेटा” बताते हैं।
पुतिन के इस दौरे और अभय सिंह के बयान ने भारत-रूस रक्षा सहयोग के नए अध्याय की संभावनाओं को मजबूती दी है।
No Comment! Be the first one.