News Saga Desk
बिहार की राजधानी पटना के पालीगंज क्षेत्र में अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस और बालू माफियाओं के बीच टकराव की घटना सामने आई है। रानी तालाब थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर माफियाओं ने हमला कर दिया, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी। गोलीबारी की आवाज से पूरा इलाका दहशत में आ गया।
गुप्त सूचना पर पहुंची थी पुलिस
पुलिस को धनराज छपरा गांव में 10 से 12 ट्रैक्टरों के माध्यम से अवैध बालू खनन की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के लिए जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक्टरों को जब्त करने की कार्रवाई शुरू की, तभी वहां मौजूद माफियाओं ने विरोध करते हुए पुलिस पर हमला कर दिया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई और पुलिस को घेरने की कोशिश की गई।
आत्मरक्षा में पुलिस ने की फायरिंग
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने आत्मरक्षा में आवश्यक बल प्रयोग करते हुए फायरिंग की, जिससे हालात को नियंत्रित किया जा सका। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
चार ट्रैक्टर और तीन बाइक जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से चार ट्रैक्टर और तीन मोटरसाइकिल जब्त किए हैं। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।
इलाके में तनाव, पुलिस बल तैनात
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि अवैध बालू खनन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस तरह के तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
No Comment! Be the first one.