News Saga Desk
सारण : जिले में पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष ने देर रात अवतारनगर और डोरीगंज थाना क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और थानों की स्वच्छता सहित विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की।
एसएसपी ने अभिलेख रख-रखाव, शस्त्रागार, मालखाना और लॉकअप की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने पुलिस बल की उपस्थिति और उनकी सतर्कता का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पीड़ितों से संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा शिकायतों के निपटारे में किसी भी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने रात में गश्त को और मजबूत करने, थाना परिसर की सफाई पर विशेष ध्यान देने और कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता में रखने की हिदायत दी।
अपनी ड्यूटी में बेहतर प्रदर्शन करने वाले दो बीएमपी जवानों को एसएसपी ने प्रोत्साहित भी किया। अवतारनगर थाना के सिपाही संख्या 638 मुकेश कुमार और डोरीगंज थाना के सिपाही संख्या 970 राजीव रंजन को रात्रि संतरी ड्यूटी में चुस्ती और तत्परता दिखाने पर 500-500 रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया गया।
डॉ. कुमार आशीष ने कहा कि जहां लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, वहीं कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने में कोई कमी नहीं रखी जाएगी। उन्होंने दोहराया कि सारण पुलिस जनता की सुरक्षा और सेवा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और ड्यूटी में शिथिलता को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
No Comment! Be the first one.