नई ऊंचाइयों की ओर, बिहार की ऐश्वर्या वर्मा बनीं मिस इंडिया वॉशिंगटन 2025

News Saga Desk

पटना। बिहार की बेटी ऐश्वर्या वर्मा ने अमेरिका में बड़ा मुकाम हासिल किया है। उन्हें मिस इंडिया वॉशिंगटन 2025 का ताज पहनाया गया है। यह सम्मान उन्हें 13वें वार्षिक ग्लोबल वुमन फेस्टिवल के दौरान दिया गया। यह आयोजन AmPowering द्वारा हर साल कराया जाता है और अमेरिका में महिला सशक्तिकरण के लिए एक प्रमुख मंच माना जाता है। इस साल कार्यक्रम 30 नवंबर को हयात रेजिडेंसी लेक वाशिंगटन, रेंटन में आयोजित हुआ।

ग्लोबल वुमन फेस्टिवल एक प्रतिष्ठित मंच है, जहां कला, संस्कृति, महिला नेतृत्व और सामाजिक प्रभाव में योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाता है। इसी आयोजन के अंतर्गत Miss India Washington प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें ऐश्वर्या ने जीत हासिल की। यह उपलब्धि बिहार के लिए गर्व का क्षण बन गई है।

वॉशिंगटन से पटना तक जश्न का माहौल

ग्लोबल वुमन फेस्टिवल भारतीय मूल की महिलाओं के लिए वॉशिंगटन में सबसे सम्मानित मंचों में से एक है। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को पर्सनालिटी, टैलेंट, कॉन्फिडेंस, सांस्कृतिक पहचान, पब्लिक स्पीकिंग और सामाजिक प्रभाव जैसे कई चरणों से गुजरना पड़ता है।

इस जीत के साथ अब ऐश्वर्या फरवरी 2026 में न्यू जर्सी में होने वाले राष्ट्रीय स्तर के Miss India USA पेजेंट में वॉशिंगटन राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी। यहां पूरे अमेरिका से राज्य विजेता Miss India USA 2025 के ताज के लिए मुकाबला करेंगी। उनकी सफलता पर वॉशिंगटन में भारतीय समुदाय और पटना में परिवार व शुभचिंतकों ने खुशी मनाई।

AI इंजीनियर और महिला सशक्तिकरण की आवाज़

पटना से अमेरिका गईं ऐश्वर्या ने चार वर्ष पहले अपना मास्टर्स पूरा किया था और पिछले तीन वर्षों से AI इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं। अपनी पेशेवर सफलता के साथ वह महिलाओं की शिक्षा, नेतृत्व और STEM क्षेत्रों में भागीदारी को बढ़ावा देने वाली पहलों से भी जुड़ी हैं।

अपनी उपलब्धि पर ऐश्वर्या ने कहा—

“इस ताज को हासिल करना मेरे लिए सम्मान और गर्व का क्षण है। यह सिर्फ मेरी जीत नहीं, बल्कि उन सभी लड़कियों की जीत है जो बड़े सपने देखने की हिम्मत रखती हैं।”

उन्होंने बिहार की लड़कियों को संदेश देते हुए कहा कि तकनीक, नेतृत्व और निर्णय लेने वाले क्षेत्रों में महिलाएं बड़ी भूमिका निभा सकती हैं और अपनी जगह बना सकती हैं।

Read More News

Read More