News Saga Desk
राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र से लापता हुए मासूम भाई-बहन अंश और अंशिका की तलाश में पुलिस प्रशासन ने जांच और तेज कर दी है। बच्चों का पता बताने वाले के लिए घोषित इनाम की राशि 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 2 लाख रुपये कर दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
बताया गया कि दोनों बच्चे 2 जनवरी को धुर्वा के मल्हार कोचा इलाके से लापता हुए थे। घटना के बाद से रांची पुलिस हाई अलर्ट पर है और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। पुलिस अब तक करीब 5,000 से अधिक मोबाइल नंबरों और लगभग 2,000 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर चुकी है।
मामले की निगरानी के लिए सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी और ट्रैफिक एसपी समेत जिले के सभी थाना प्रभारी और इंस्पेक्टर धुर्वा थाना में कैंप कर रहे हैं, ताकि बच्चों की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी सुनिश्चित की जा सके।
जिस दिन दोनों बच्चे लापता हुए थे, उस दिन इलाके में साप्ताहिक बाजार लगा हुआ था। बाजार के कारण लोगों की आवाजाही सामान्य से कहीं अधिक थी और बड़ी संख्या में मोबाइल फोन सक्रिय थे। पुलिस द्वारा कॉल डंप निकालने पर हजारों मोबाइल नंबर एक्टिव पाए गए हैं, जिनकी गहन जांच की जा रही है।
इधर, बच्चों की तलाश को लेकर झारखंड सीआईडी भी सक्रिय हो गई है। सीआईडी रांची के एडीजी मनोज कौशिक ने देशभर के डीजीपी, पुलिस आयुक्त और आईजी को ह्यू एंड क्राई नोटिस जारी कर सहयोग मांगा है। पत्र के माध्यम से सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के थानों, आउट पोस्ट और बीट हाउसों में बच्चों की जानकारी प्रसारित कर पूछताछ करने का निर्देश दिया गया है।
सीआईडी ने बताया कि यह मामला धुर्वा थाना कांड संख्या 01/2026, दिनांक 03 जनवरी 2026 के तहत दर्ज है। केस भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के अंतर्गत दर्ज किया गया है और इसकी जांच सीआईडी की निगरानी में चल रही है।

No Comment! Be the first one.