News Saga Desk
उत्तर भारत में लगातार हो रही बर्फबारी और अफगानिस्तान की ओर से आ रही सर्द हवाओं का असर अब झारखंड में भी साफ दिखने लगा है। इसके चलते राज्य के कई जिलों में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। राजधानी रांची, मेदिनीनगर और बोकारो में एक बार फिर ठंड बढ़ गई है, जबकि गुमला में शिमला से भी ज्यादा सर्दी महसूस की जा रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 25 दिसंबर यानी क्रिसमस के दिन रांची समेत राज्य के 12 जिलों-पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग और बोकारो में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इन जिलों में शीतलहरी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। यह स्थिति 26 दिसंबर तक बने रहने की संभावना जताई गई है।
ठंडी हवाओं के प्रभाव से कनकनी और बढ़ेगी, वहीं न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट हो सकती है। बुधवार को राजधानी रांची, मेदिनीनगर और बोकारो के न्यूनतम तापमान में कमी दर्ज की गई है।
आंकड़ों के अनुसार, रांची का न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले 24 घंटे में करीब एक डिग्री कम है। मेदिनीनगर में न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसमें 1.4 डिग्री की गिरावट आई है। बोकारो में तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 1.3 डिग्री कम है। वहीं गुमला में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस और कांके में 4.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी भी काफी कम हो गई है। बुधवार को रांची और जमशेदपुर में विजिबिलिटी 500 मीटर, जबकि देवघर में 400 मीटर दर्ज की गई। कम दृश्यता का असर रेल और हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है, जिससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
No Comment! Be the first one.