News Saga Desk
बिहार में सर्दी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राज्य के कई जिलों में तापमान तेजी से गिर रहा है। ऐसे में पटना जिला प्रशासन ने अगले दो से तीन दिनों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है और लोगों से ठंड से बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील की है।
प्रशासन की अपील-बच्चे, बुजुर्ग और बीमार रहें सतर्क
पटना के डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने सभी एसडीओ, डीसीएलआर और सीओ को संभावित शीतलहर और पाला से निपटने के लिए निर्धारित एसओपी के तहत तैयारी रखने का निर्देश दिया है।
प्रशासन ने खासतौर पर—
- छोटे बच्चों
- गर्भवती महिलाओं
- बुजुर्गों
- बीमार व्यक्तियों
को ठंड से बचाव के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है।
इसके साथ ही शहर में रैन बसेरों, अस्थायी शेल्टर्स और अलाव की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग का अनुमान-4 डिग्री तक गिर सकता है पारा
आईएमडी के अनुसार, राज्य में पछुआ हवा की रफ्तार बढ़ने की वजह से तापमान में भारी गिरावट हो सकती है। अगले दो से तीन दिनों में रात के तापमान में 4 डिग्री तक की गिरावट संभव है।
हालांकि, अगले सात दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है।
सुबह के समय बिहार के कुछ इलाकों में हल्के से मध्यम कोहरे के छाने की संभावना भी जताई गई है।
राज्य में अधिकतम तापमान फिलहाल सामान्य के आसपास बना हुआ है।
कई जिलों में ठंड बढ़ी, मोतिहारी सबसे ठंडा
बिहार के पूर्वी और सीमांचल क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज हुआ है, जबकि दक्षिणी बिहार में रात का पारा सामान्य के आसपास रहा।
सोमवार को राज्यभर में अधिकतम तापमान 24.6°C से 28°C के बीच रिकॉर्ड किया गया, जिसमें मोतिहारी का तापमान सबसे अधिक 28°C रहा।
No Comment! Be the first one.