News Saga Desk
रांची: कड़ाके की ठंड के चलते रांची में स्कूलों के समय में बदलाव, केजी से कक्षा 6 तक की कक्षाएं सुबह 9 बजे के बाद| झारखंड में जारी कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में अस्थायी बदलाव का आदेश जारी किया है। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत आदेश जारी करते हुए जिले के सभी निजी एवं केन्द्रीय विद्यालयों में केजी से कक्षा छह तक की कक्षाओं का संचालन प्रातः 9 बजे के बाद करने का निर्देश दिया है।
यह आदेश 19 जनवरी 2026 (सोमवार) से 24 जनवरी 2026 (शनिवार) तक प्रभावी रहेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केंद्र झारखंड, रांची द्वारा जारी विशेष बुलेटिन में आने वाले दिनों में भी कड़ाके की ठंड और शीतलहर की चेतावनी दी गई है, जिसके मद्देनज़र यह निर्णय लिया गया है।
जिला प्रशासन के अनुसार, छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर ठंड का असर अधिक पड़ता है। सुबह के समय कम तापमान और ठंडी हवाओं से बच्चों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से कक्षाओं के समय में यह बदलाव किया गया है। प्रशासन ने सभी निजी एवं केन्द्रीय विद्यालय प्रबंधन को आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
इसके साथ ही अभिभावकों से अपील की गई है कि वे बच्चों को पर्याप्त गर्म कपड़ों में ही स्कूल भेजें और उनके स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।
No Comment! Be the first one.