News Saga Desk
झारखंड में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है और आने वाले दिनों में भी राहत के आसार नहीं हैं. रविवार इस सीजन का अब तक का सबसे ठंडा दिन साबित हुआ. राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि कई जिलों में पारा और भी नीचे चला गया. खासकर पलामू प्रमंडल और आसपास के इलाकों में पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवाओं का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला.
मौसम विभाग के अनुसार, 25 दिसंबर तक रांची का न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है. वहीं अधिकतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. ठंड के साथ-साथ कोहरे ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है.
रविवार को रांची एयरपोर्ट क्षेत्र में विजिबिलिटी घटकर करीब 400 मीटर रह गई. जमशेदपुर में लगभग 500 मीटर, डालटनगंज में 800 मीटर और देवघर में सबसे कम करीब 200 मीटर विजिबिलिटी दर्ज की गई. मौसम केंद्र के प्रभारी निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि अलग-अलग क्षेत्रों में कोहरे की तीव्रता अलग-अलग रह सकती है.
राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है. लोहरदगा में सबसे कम 3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि डालटनगंज में 6.9 और रांची में 7.8 डिग्री सेल्सियस पारा रहा. मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी भारत में अगले कुछ दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है.
मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और कोहरे को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर सुबह और देर रात यात्रा करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.
No Comment! Be the first one.