News Saga Desk
लखीसराय : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को लखीसराय में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “राहुल बाबा कल आए और प्रधानमंत्री मोदी का अपमान करने वाले शब्द बोले। लेकिन ऐसा करते हुए उन्होंने छठी मैया का भी अपमान कर दिया। उन्होंने कहा कि जो लोग छठ पूजा मनाते हैं, वे ड्रामा करते हैं।”
अमित शाह ने कहा, “कांग्रेस ने जितनी बार मोदी जी के खिलाफ अपशब्द बोले हैं, उतनी बार देश की जनता ने कांग्रेस को मिटा दिया है। आपके कार्यकर्ताओं ने मोदी जी की मां का अपमान किया, और अब छठी मैया का भी अपमान किया है। जब 14 नवंबर को मतपेटियां खुलेंगी, तो महागठबंधन का सफाया हो जाएगा।”
उन्होंने आगे कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के शासन में देश नक्सलवाद से मुक्त हो रहा है, आतंकवाद और भ्रष्टाचार खत्म हो रहे हैं। लखीसराय की हर वोट कमल और तीर के निशान पर पड़नी चाहिए — ताकि जंगलराज खत्म हो, नक्सलवाद मिटे और आतंकवाद के खिलाफ ठोस अभियान चले।” शाह ने इस दौरान कहा कि “मोदी जी के 11 साल और नीतीश जी के 20 साल के शासन में चार आना का भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा है।” सभा में अमित शाह के भाषण के दौरान “भारत माता की जय” और “मोदी-नीतीश जिंदाबाद” के नारे लगातार गूंजते रहे।
No Comment! Be the first one.