News Saga Desk
रांची। संविधान दिवस के अवसर पर झारखंड की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने पशुपालन निदेशालय में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर तथा देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री तिर्की ने कहा कि भारत का संविधान सिर्फ कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक न्याय की आत्मा है। उन्होंने कहा कि संविधान नागरिकों को अधिकारों के साथ कर्तव्य निभाने का भी संदेश देता है।
उन्होंने आगे कहा कि लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और भाईचारा संविधान की जड़ में बसते हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक को इसकी मूल भावना को समझना और अपनाना चाहिए। मंत्री ने संविधान दिवस पर देशहित को सर्वोपरि रखते हुए कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने की अपील की और कहा कि बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान के आदर्शों और मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया। समारोह में विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
No Comment! Be the first one.