पूर्वी चंपारण में STF की कार्रवाई, मुठभेड़ में दो बदमाश ढेर, एक जवान शहीद

News Saga Desk

मोतिहारी: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के चकिया थाना क्षेत्र स्थित रामडीहा गांव में सोमवार देर रात स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस ने दो बदमाशों को मार गिराया, जबकि एक जवान शहीद हो गया।

शहीद जवान की पहचान श्रीराम यादव के रूप में हुई है। वहीं मारे गए अपराधियों की पहचान कुंदन ठाकुर और प्रियांशु दुबे के रूप में की गई है। दोनों पर आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज थे।

पुलिस अधिकारी को दी थी धमकी, कॉल ट्रेस कर पहुंची टीम

जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले ही इन अपराधियों ने चकिया थाना के अपर थानाध्यक्ष गौरव कुमार को नेपाली नंबर से फोन कर धमकी दी थी। इसके बाद पुलिस ने कॉल ट्रेस कर उनके ठिकाने का पता लगाया और कार्रवाई की योजना बनाई।

घिरने पर अपराधियों ने की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में ढेर

पुलिस और STF की टीम ने जब रामडीहा गांव में दोनों अपराधियों को घेर लिया, तो खुद को घिरता देख उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए फायरिंग की।
कुछ देर चली गोलीबारी में कुंदन ठाकुर और प्रियांशु दुबे को गोली लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, उनके कुछ साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

इलाके की घेराबंदी, सर्च ऑपरेशन जारी

मुठभेड़ के बाद पुलिस अधीक्षक (SP) और डीआईजी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे इलाके की घेराबंदी कर फरार अपराधियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

इस घटना को लेकर अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जवान के शहीद होने से पुलिस महकमे में शोक की लहर है।

Read More News

Read More