हटिया जलाशय के आसपास अतिक्रमण पर सख्ती, डीसी ने निरीक्षण कर दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

News Saga Desk

झारखंड उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में रांची शहर और जिले में जलाशयों से अतिक्रमण हटाने का अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजंत्री ने हटिया जलाशय (धुर्वा डैम) के आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया और अतिक्रमण की स्थिति की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से विस्तार से जानकारी ली और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलाशयों की सीमा को राजस्व नक्शे के अनुसार स्पष्ट रूप से चिन्हित किया जाए, ताकि अवैध कब्जों की पहचान कर उन्हें हटाया जा सके।

उपायुक्त ने बताया कि जलाशयों पर अतिक्रमण होने से जल संग्रहण क्षमता घटती है, जिसका सीधा असर पर्यावरण और भूजल स्तर पर पड़ता है। प्रशासन का लक्ष्य है कि रांची जिले के सभी प्रमुख जलाशय और तालाब पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त किए जाएं।

उन्होंने अंचल अधिकारियों और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही यह भी कहा कि अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा कब्जा न हो, इसके लिए नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने आम नागरिकों से अपील की कि वे जलाशयों के आसपास अतिक्रमण न करें और जल संरक्षण के प्रयासों में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि उच्च न्यायालय के आदेशों का सख्ती से पालन किया जाएगा और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Read More News

Read More