बिहार में कानून व्यवस्था पर कड़ा एक्शन: गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने शुरू किया ‘एंटी रोमियो स्क्वायड ‘, पिंक पुलिस रहेगी अलर्ट

News Saga Desk

बिहार के नए गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने पदभार ग्रहण करते ही कानून-व्यवस्था को सख्त बनाने की दिशा में कई बड़े फैसलों की घोषणा की है। गार्ड ऑफ ऑनर लेने के बाद गृह मंत्रालय संभालते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य में अब अपराध और पुलिस की लापरवाही को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह पद 1972 के बाद पहली बार किसी गैर-मुख्यमंत्री को मिला है, जिससे उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।

महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष फोकस

सम्राट चौधरी ने यूपी की तर्ज पर एंटी रोमियो स्क्वायड स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि स्कूल और कॉलेजों के छुट्टी समय पर पिंक पुलिस की तैनाती की जाएगी ताकि छेड़खानी या उत्पीड़न की किसी भी घटना पर तुरंत एक्शन लिया जा सके।
उनका साफ संदेश,
लड़की/महिला से छेड़छाड़ करने वाला गिरफ्तार होगा।
कार्रवाई में ढिलाई दिखाने वाले पुलिसकर्मी के खिलाफ भी सख्त कदम उठाया जाएगा।

साइबर क्राइम के खिलाफ अभियान

डिजिटल अपराध पर रोक लगाने के लिए उन्होंने बड़े स्तर पर अभियान चलाने का आदेश दिया। सोशल मीडिया पर अभद्र सामग्री, भड़काऊ पोस्ट या आपत्तिजनक वीडियो फैलाने वालों पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
जेल प्रशासन को भी चेतावनी मिली — जेल में मोबाइल मिलने पर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय होगी और डॉक्टर की अनुमति के बिना कैदियों को बाहर से भोजन भेजने की इजाजत नहीं होगी।

माफिया नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई

राज्य में संगठित अपराध को खत्म करने के लिए 400 से अधिक माफियाओं की संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इनमें बालू, शराब और जमीन कारोबार से जुड़े कुख्यात अपराधी शामिल हैं। दो मामलों में कोर्ट से जब्ती की मंजूरी मिल भी गई है।
सम्राट चौधरी का बयान,
“अपराध कर कमाई गई दौलत पर कानून का डंडा जरूर चलेगा, स्पीडी ट्रायल होगा और सजा सुनिश्चित की जाएगी।”

सुधार की दिशा में मीटिंग

गृह मंत्री ने पदभार संभालते ही पांच पूर्व डीजीपी और निगरानी ब्यूरो के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में अपराध नियंत्रण, स्पेशल कोर्ट बढ़ाने, जेल निगरानी और आर्म्स एक्ट मामलों में समयबद्ध सजा सुनिश्चित करने पर सुझाव आए जिनके क्रियान्वयन की बात उन्होंने कही।

अयोध्या दौरे के बाद मंत्री ने कहा कि बिहार में सुशासन और कानून का राज मजबूत रूप में जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यूपी मॉडल चर्चा का विषय है, लेकिन बिहार अपना मॉडल और प्रभावी रूप में लागू करेगा।

Read More News

Read More