News Saga Desk
होली से ठीक पहले झारखंड में कॉम्फेड (सुधा) ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें बुधवार सुबह से लागू हो गई हैं, जिसके बाद उपभोक्ताओं को अब सुधा दूध के लिए पहले से अधिक कीमत चुकानी होगी। कंपनी ने कच्चे माल, पैकेजिंग सामग्री और परिवहन लागत में लगातार हो रही वृद्धि को मूल्य संशोधन का मुख्य कारण बताया है।
हेल्दी और शक्ति दूध के नए दाम
दूध की कीमतों में औसतन दो रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई है। 500 एमएल सुधा हेल्दी दूध की कीमत 27 रुपये से बढ़कर 28 रुपये हो गई है, जबकि एक लीटर हेल्दी दूध अब 53 रुपये के बजाय 55 रुपये में मिलेगा।
इसी तरह 500 एमएल सुधा शक्ति दूध 30 रुपये से बढ़कर 31 रुपये हो गया है। वहीं एक लीटर शक्ति दूध की कीमत 60 रुपये से बढ़ाकर 61 रुपये कर दी गई है।
गोल्ड दूध भी हुआ महंगा
सुधा गोल्ड दूध की कीमतों में भी वृद्धि की गई है। 500 एमएल गोल्ड दूध अब 33 रुपये के बजाय 34 रुपये में मिलेगा, जबकि एक लीटर की कीमत 65 रुपये से बढ़कर 67 रुपये हो गई है। त्योहार से पहले हुई इस बढ़ोतरी का सीधा असर आम उपभोक्ताओं के मासिक बजट पर पड़ने की संभावना है।
बड़े पैक पर ज्यादा बढ़ोतरी
बड़े पैक में कीमतों में अपेक्षाकृत अधिक वृद्धि की गई है। छह लीटर का सुधा शक्ति पैक 348 रुपये से बढ़कर 363 रुपये हो गया है, जबकि छह लीटर हेल्दी पैक 312 रुपये से बढ़ाकर 327 रुपये कर दिया गया है।
कंपनी का कहना है कि बढ़ती लागत के कारण यह निर्णय आवश्यक हो गया था। होली के मौके पर दूध और उससे बने उत्पादों की बढ़ती मांग के बीच यह बढ़ोतरी आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल सकती है।
No Comment! Be the first one.