News Saga Desk
आज बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का 90वां जन्मदिन होता, लेकिन जन्मदिन से कुछ दिन पहले ही 24 नवंबर को उनका 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके न रहने के बाद पहली बार उनका जन्मदिन आया है, जिससे उनके चाहने वाले और परिवार बेहद भावुक हैं। सोशल मीडिया पर फैंस उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि दे रहे हैं। वहीं उनके बेटे सनी देओल और बेटी ईशा देओल ने भी अपने पिता की याद में दिल को छू लेने वाले पोस्ट शेयर किए हैं।
सनी देओल का भावुक पोस्ट
सनी देओल ने अपने पिता धर्मेंद्र को याद करते हुए उनका एक पुराना वीडियो साझा किया, जिसमें अभिनेता का मुस्कुराता चेहरा नजर आता है। पोस्ट के साथ सनी ने लिखा,
“आज मेरे पापा का जन्मदिन है। पापा हमेशा मेरे साथ हैं, मेरे अंदर हैं, लव यू पापा। मिस यू।”
उनकी पोस्ट देखकर फैंस भी भावुक टिप्पणियाँ कर रहे हैं।
ईशा देओल ने लिखी लंबी भावुक चिट्ठी
ईशा देओल ने अपने पिता धर्मेंद्र की एक तस्वीर शेयर करते हुए एक लंबा भावनात्मक संदेश लिखा। उन्होंने कहा कि पिता का साथ उनके जीवन का सबसे मजबूत रिश्ता था और रहेगा। ईशा ने लिखा,
“मेरे प्यारे पापा… चाहे स्वर्ग हो या धरती, हम हमेशा साथ हैं। मैंने आपको अपने दिल की गहराइयों में संजोकर रखा है ताकि आप हमेशा मेरे साथ रहें। आपकी यादें, आपकी झप्पियां, आपकी आवाज—सब आज भी मेरे साथ हैं। मुझे आपकी बहुत याद आती है पापा।”
फैंस याद कर रहे बॉलीवुड के ‘ही-मैन’ को
धर्मेंद्र के निधन ने पूरे फिल्म जगत और फैंस को झकझोर दिया था। जन्मदिन के मौके पर सोशल मीडिया पर उनकी फिल्मों, शायरी और यादगार पलों को फैंस साझा कर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
धर्मेंद्र की विरासत, सादगी और अदायगी हमेशा बॉलीवुड और उनके चाहने वालों के दिलों में ज़िंदा रहेगी।
No Comment! Be the first one.