News Saga Desk
झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन सोमवार को राज्य सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 7,721.25 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट सदन में पेश किया। वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने बजट प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस पर चर्चा मंगलवार, 9 दिसंबर को होगी। इससे पहले मानसून सत्र में 25 अगस्त को 4,296.62 करोड़ रुपये का पहला अनुपूरक बजट पारित किया गया था।
13,000 करोड़ की मांग, 7,721 करोड़ पर सहमति
विभिन्न विभागों ने करीब 13,000 करोड़ रुपये के अनुपूरक बजट प्रस्ताव भेजे थे। वित्त विभाग ने विभागवार जरूरतों, प्राथमिकता और उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा के बाद इसे घटाकर 7,721.25 करोड़ रुपये पर अंतिम मुहर लगाई। सरकार का लक्ष्य वित्तीय वर्ष की शेष अवधि में प्रमुख योजनाओं को गति देना और केंद्र तथा राज्य स्तर पर लंबित भुगतानों का निपटारा करना है।
मंईयां सम्मान योजना को विशेष प्राथमिकता
अनुपूरक बजट में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लिए सबसे अधिक राशि का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही अधूरी और जारी विकास परियोजनाओं, गरीबी उन्मूलन कार्यक्रमों तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को भी बजट में महत्वपूर्ण स्थान मिला है।
बुनियादी ढांचे व शहरी निकायों को अतिरिक्त सहायता
पंचायतों और शहरी निकायों के लिए अतिरिक्त आवंटन का प्रावधान किया गया है। स्वास्थ्य, शिक्षा, बुनियादी ढांचा परियोजनाएं और विधायकों की विकास योजनाओं से जुड़े मदों को भी बजट में शामिल किया गया है।
आज कैबिनेट की बैठक
सत्र के दौरान सोमवार दोपहर राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक भी आयोजित होगी। यह बैठक 2 बजे या विधानसभा की बैठक समाप्त होने के बाद झारखंड मंत्रालय स्थित मंत्रिपरिषद कक्ष में होगी।
पहले पेश हो चुका है वार्षिक बजट
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर मार्च 2025 में 1.45 लाख करोड़ रुपये का वार्षिक बजट पेश कर चुके हैं। झारखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र 5 दिसंबर से शुरू हुआ है और 11 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें कुल 5 कार्यदिवस निर्धारित हैं।
No Comment! Be the first one.