News Saga Desk
रांची | झारखंड में 23 फरवरी को होने वाले नगर निकाय चुनाव से ठीक पहले राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान स्थित चुनावी कैंप से एक चिंताजनक मामला सामने आया है। चुनाव ड्यूटी के लिए जब्त किए गए एक वाहन के चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार मृत चालक को चुनावी ड्यूटी के लिए वाहन सहित कैंप में बुलाया गया था। ड्यूटी के दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। साथी चालकों का आरोप है कि कैंप में बुनियादी सुविधाओं का अभाव था, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
साथियों का आरोप – नहीं थी समुचित व्यवस्था
अन्य चालकों का कहना है कि प्रशासन की ओर से खाने-पीने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई थी। इसके अलावा शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं थीं। उनका आरोप है कि अव्यवस्था और लगातार परेशानियों के कारण चालक की तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
हालांकि चालक की मौत के वास्तविक कारणों का अभी तक आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है। प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच की बात कही जा रही है।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। मृत चालक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
नगर निकाय चुनाव से ठीक पहले हुई इस घटना ने चुनावी तैयारियों और कैंप में व्यवस्थाओं को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।
No Comment! Be the first one.