टी20 वर्ल्ड कप 2026: भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराया, फाइनल में बनाई जगह

News Saga Desk

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। इसी के साथ भारतीय टीम चौथी बार टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचने में सफल रही।

बता दें की, मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 253 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबलों में भारत का सबसे बड़ा स्कोर है।

संजू सैमसन की तूफानी पारी

भारत की ओर से संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 89 रन की विस्फोटक पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने 8 चौके और 7 छक्के लगाए। इसके अलावा इशान किशन ने 18 गेंदों में 39 रन, शिवम दुबे ने 25 गेंदों में 43 रन, हार्दिक पांड्या ने 12 गेंदों में 27 रन और तिलक वर्मा ने 7 गेंदों में 21 रन की तेज पारी खेलकर टीम के स्कोर को 250 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इंग्लैंड की गेंदबाजी इस मुकाबले में काफी महंगी साबित हुई। जोफ्रा आर्चर ने 4 ओवर में 61 रन खर्च किए, जबकि सैम करन ने अपने 4 ओवर में 53 रन लुटाए। विल जैक्स और आदिल राशिद ने दो-दो विकेट हासिल किए।

जैकब बेथेल का शतक भी नहीं दिला सका जीत

254 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 246 रन ही बना सकी। इंग्लैंड की ओर से जैकब बेथेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 48 गेंदों में 8 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 105 रन की शतकीय पारी खेली। हालांकि उनकी यह पारी टीम को जीत दिलाने के लिए पर्याप्त साबित नहीं हो सकी।

वहीं विल जैक्स ने भी 19 गेंदों में 35 रन की अहम पारी खेली और पांचवें विकेट के लिए 77 रन की साझेदारी कर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। लेकिन अंत के ओवरों में जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या की सटीक गेंदबाजी ने मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया।

हार्दिक और बुमराह की शानदार गेंदबाजी

भारतीय गेंदबाजों में हार्दिक पांड्या सबसे सफल रहे। उन्होंने 4 ओवर में 38 रन देकर 2 विकेट झटके। वहीं जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में 31 रन देकर 1 विकेट लिया। इसके अलावा अन्य भारतीय गेंदबाजों को भी एक-एक विकेट मिला। हालांकि वरुण चक्रवर्ती भारतीय गेंदबाजों में सबसे महंगे साबित हुए और उन्होंने अपने 4 ओवर में 64 रन खर्च किए।

शानदार बल्लेबाजी के लिए संजू सैमसन को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

अब फाइनल में न्यूजीलैंड से मुकाबला

इस शानदार जीत के साथ भारतीय टीम टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच गई है। अब 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा, जहां दोनों टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी।

Read More News

Read More